देश की खबरें | पुलिस ने 24 घंटे में अपहृत व्यापारी को चतरा से मुक्त कराया, छह गिरफ्तार
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

गिरिडीह, 14 सितंबर झारखंड में गिरिडीह जिले की पुलिस ने बिरनी से शनिवार को अपहृत व्यापारी हिमांशु मंडल को 24 घंटे के भीतर रविवार रात्रि चतरा से बरामद कर लिया। पुलिस दिल्ली के दो अपराधियों समेत छह अपहर्ताओं को भी गिरफ्तार किया है।

गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने बताया कि दिल्ली से आये कुछ अपराधियों ने पुलिस की वर्दी में 12 सितंबर की शाम पांच लाख रुपये फिरौती की मांग के साथ एक व्यापारी का अपहरण कर लिया।

यह भी पढ़े | Centre Bans Export Of Onions: बढ़ती कीमतों के बीच प्याज के निर्यात पर केंद्र सरकार ने लगाया बैन.

उन्होंने बताया कि पुलिस ने चार टीमें गठित कर अपहरणकर्ताओं को पकड़ने की कार्रवाई शुरू हुई और 24 घंटे के भीतर चतरा जिले के मयूरभंज थाना के बलिया जंगल से रविवार शाम अपहृत व्यापारी को अपहरणकर्ताओं के चंगुल से मुक्त करा लिया।

पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने चतरा के ग्रामीणों की प्रशंसा करते हुए कहा कि अपहरणकर्ताओं को पकड़वाने में उन्होंने पुलिस की पूरी मदद की।

यह भी पढ़े | COVID-19 Vaccine: सीरम इंस्टीट्यूट के प्रमुख अदार पूनावाला बोले- 2024 के आखिरी तक ही सबके लिए उपलब्ध हो सकेगी कोविड-19 वैक्सीन.

उन्होंने बताया कि रविवार रात से लेकर सोमवार शाम तक अपहरणकर्ताओं के गिरोह के सभी छह सदस्यों को एक पिस्तौल के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।

रेणु ने बताया कि गिरफ्तार अपहरणकर्ताओं की पहचान शशि साव (30 वर्ष), दीपक मंडल(19), संजय पंडा(32), अरविंद मंडल(41), सुकर मंडल(35) और विमल मंडल(22वर्ष) के रूप में की गयी है। इनमें से अनिल मंडल और दीपक मंडल दिल्ली से अर्टिगा गाड़ी लेकर व्यापारी के अपहरण के लिए यहां पहुंचे थे। अभी भी इस मामले से जुड़े कुछ लोगों की पुलिस तलाश कर रही है।

उन्होंने बताया कि जिस अर्टिगा गाड़ी का उपयोग अपहरण में किया गया था उसे भी बरामद कर लिया गया है ।

रेणु ने बताया कि इस गिरोह का सरगना शशि साव विभिन्न आपराधिक मामलों में गिरिडीह, धनबाद एवं चतरा जिले में जेल जा चुका है।

सं इन्दु ,

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)