जरुरी जानकारी | पीएनबी ने छोटे उद्यमों के लिए कर्ज सुलभ कराने को लेकर ऐप पेश किया

नयी दिल्ली, 30 अगस्त सार्वजनिक क्षेत्र के पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) ने बुधवार को कहा कि उसने जीएसटी सहाय योजना पर आधारित एक मोबाइल एप्लिकेशन पेश किया है। इसके जरिये जीएसटी चालान का उपयोग करके ऋण दिया जा सकता है।

बैंक ने एक बयान में कहा, इस एकीकरण के साथ, पीएनबी जीएसटी चालान का उपयोग कर एमएसएमई (सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यम) को कर्ज लेने की आसान सुविधा देने वाला पहला सार्वजनिक क्षेत्र का बैंक बन गया है।

यह पहल देश में एमएसएमई क्षेत्र और डिजिटल कर्ज परिवेश के विकास को आगे बढ़ाने की बैंक की रणनीति के अनुरूप भी है।

बयान में कहा गया है कि पीएनबी जीएसटी सहाय ऐप पूरी ऋण प्रक्रिया को डिजिटल बनाता है और उधारकर्ताओं के लिए किसी भी मानवीय हस्तक्षेप को खत्म करने में मदद करता है। इसमें प्रक्रिया अधिक लागत प्रभावी, तेज और सुचारू है।

इस सेवा के माध्यम से, ऋण राशि सीधे बैंक में उधारकर्ता के चालू खाते में जमा की जाएगी।

पीएनबी जीएसटी सहाय ऐप पेश किये जाने के मौके पर बैंक के प्रबंध निदेशक (एमडी) अतुल कुमार गोयल ने कहा, ‘‘हमारा बैंक शीर्ष उद्योगपतियों के साथ-साथ जनता की सेवा करने और गैर-कॉरपोरेट/कृषि एवं गैर-कृषि क्षेत्र के एमएसएमई को छोटी राशि के ऋण प्रदान करने में अगुवा रहा है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे विश्वास है कि पीएनबी जीएसटी सहाय ऐप आवेदक/उधारकर्ता और बैंक के बीच दूरी को पाटेगा।’’

राजेश

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)