नयी दिल्ली, 24 जून भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अमेरिका की ऐतिहासिक राजकीय यात्रा के ‘ठोस परिणाम तथा उपलब्धियां’ भारत-अमेरिका संबंधों को अहम रूप से परिभाषित करेंगी और इन्हें नये स्तर पर ले जाएंगी।
यहां एक पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि प्रधानमंत्री की दो दिवसीय मिस्र यात्रा भी बहुत महत्वपूर्ण दौरा है।
प्रधानमंत्री मोदी अमेरिका यात्रा के बाद शनिवार को मिस्र पहुंचे। अमेरिका दौरे की खास उपलब्धियों का जिक्र करते हुए पुरी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का जिस तरह से स्वागत किया गया वह अभूतपूर्व था।
यहां भाजपा मुख्यालय पर पुरी ने पत्रकार वार्ता में कहा, ‘‘आर्थिक, तकनीकी, अंतरिक्ष और रक्षा समेत हर क्षेत्र में ठोस परिणाम के साथ यह प्रधानमंत्री मोदी की एक ऐतिहासिक यात्रा थी जो द्विपक्षीय संबंधों को अहम रूप से परिभाषित करेगी तथा इन्हें नये स्तर पर ले जाएगी।’’
मोदी की दो दिवसीय मिस्र यात्रा पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इसका ना केवल भारत बल्कि क्षेत्र के अन्य देशों पर बहुत सकारात्मक असर पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि खाड़ी के देशों के साथ भारत के पहले से ही ‘मजबूत और शानदार’ संबंध हैं।
यह प्रधानमंत्री मोदी की पहली मिस्र यात्रा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY