नयी दिल्ली, 25 अप्रैल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में हुए नक्सली हमले की कड़ी निंदा की और इसमें शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके बलिदान को हमेशा याद किया जाएगा।
दंतेवाड़ा जिले में नक्सलियों द्वारा किए गए विस्फोट में 10 पुलिसकर्मी और एक चालक की मौत हो गई।
प्रधानमंत्री ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘दंतेवाड़ा में छत्तीसगढ़ पुलिस पर हुए हमले की कड़ी निंदा करता हूं। मैं उन बहादुर कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं, जिन्हें हमने हमले में खो दिया। उनके बलिदान को हमेशा याद किया जाएगा। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं।’’
एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक यह घटना अरनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत उस समय हुई जब राज्य पुलिस के जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) का एक दल नक्सल विरोधी अभियान से लौट रहा था।
यह क्षेत्र राज्य की राजधानी रायपुर से लगभग 450 किलोमीटर दूर स्थित है।
नक्सलियों ने माल ढुलाई वाली उस मिनी वैन को विस्फोट से उड़ा दिया जिसमें सुरक्षाकर्मी यात्रा कर रहे थे।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जवानों की शहादत पर दुख जताया और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से बात कर उन्हें हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
शाह ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘दंतेवाड़ा में छत्तीसगढ़ पुलिस पर नक्सलियों द्वारा किए गए कायराना हमले से दुखी हूं। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री से बात की है और राज्य सरकार को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है। शहीद जवानों के शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति मेरी संवेदनाएं।’’
भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा, ‘‘राष्ट्र आपके सर्वोच्च बलिदान के लिए सदैव ऋणी रहेगा। ईश्वर शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करें। दुःख की इस घड़ी में समस्त देशवासी आपके साथ हैं।’’
केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने नक्सली हमले को 'कायराना' करार दिया और 'शहीद जवानों' के शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की।
उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘दंतेवाड़ा में छत्तीसगढ़ पुलिस पर हुए कायराना हमले से दुखी हूं। शहीद जवानों के शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। उनके सर्वोच्च बलिदान को कृतज्ञता और श्रद्धा के साथ हमेशा याद किया जाएगा।’’
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भी हमले में जान गंवाने वाले पुलिसकर्मियों के परिवार के सदस्यों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और कहा कि उनके बलिदान को भुलाया नहीं जाएगा।
उन्होंने एक ट्वीट में कहा, ‘‘छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में कायराना हमले में जान गंवाने वाले बहादुर पुलिस कर्मियों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना। उनके बलिदान को भुलाया नहीं जाएगा। ईश्वर प्रभावित परिवारों को यह दुख सहने की शक्ति दे।’’
ब्रजेन्द्र
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY