देश की खबरें | दिव्यांगों के वास्ते कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार के अवसर के लिए पीएम दक्ष पोर्टल शुरू किया गया

नयी दिल्ली, 11 सितंबर सरकार ने दिव्यांगों को कौशल विकास पाठ्यक्रमों में पंजीकरण एवं प्रशिक्षण दिलाने तथा रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए सोमवार को पीएम दक्ष पोर्टल की शुरुआत की।

सामाजिक न्याय राज्यमंत्री प्रतिमा भौमिक ने दिव्यांग सशक्तीकरण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में यह पोर्टल शुरू किया।

विभाग के सचिव राजेश अग्रवाल ने कहा कि विभाग का लक्ष्य इस पोर्टल के माध्यम से रोजगार के और 25,000 अवसर पैदा करना है।

इस पोर्टल के उद्देश्य को स्पष्ट करते हुए एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि उसका लक्ष्य दिव्यांगों के लिए कौशल विकास पाठ्यक्रमों में पंजीकरण एवं प्रशिक्षण सुलभ कराना, उनके लिए रोजगार के अवसर ढूढना तथा अंतत: उन्हें मुख्यधारा की अर्थव्यवस्था में शामिल कर देश के कार्यबल के उत्पादक अंग के रूप में विकसित करना है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय दिव्यांग कौशल विकास कार्ययोजना के तहत 15 से 59 साल तक के लोग पंजीकरण करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि विभाग के पैनल में शामिल विभिन्न सरकारी और गैर सरकारी संगठनों के माध्यम से प्रशिक्षण दिया जाता है ।

उन्होंने कहा कि अबतक इस योजना में 1.32 लाख दिव्यांगों का पंजीकरण सफलतापूर्वक किया गया है। उन्होंने कहा कि कौशल प्रशिक्षण के बदलते परिवेश, प्रशिक्षण साझेदारों के समक्ष आयी चुनौतियों और बाजार प्रासंगिक पाठ्यक्रमों की मांग के चलते विभाग ने पीएम दक्ष-डीईपीडब्ल्यूडी पोर्टल शुरू किया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)