देश की खबरें | भेल की महिला कर्मचारी के आत्महत्या के मामले को सीबीआई को सौंपने के लिेये न्यायालय में याचिका

नयी दिल्ली, छह जुलाई तेलंगाना में कार्यस्थल पर कथित उत्पीड़न की वजह से भेल की महिला अधिकारी द्वारा आत्महत्या करने के मामले की जांच केन्द्रीय जांच ब्यूरो को सौंपने के लिये उच्चतम न्यायालय में एक याचिका दायर की गयी हैं।

यह याचिका आत्महत्या करने वाली 33 वर्षीय महिला अधिकारी की मां ने दायर की है। याचिका में आरोप लगाया गया है कि हैदराबाद स्थित भेल के कार्यालय में कार्यरत उसकी बेटी का उसके एक वरिष्ठ अधिकारी और कुछ सहयोगियों ने यौन उत्पीड़न किया और मानसिक यातनायें दीं, जिसकी वजह से उसने पिछले साल अक्टूबर में आत्महत्या कर ली।

यह भी पढ़े | Lalji Tondon Health Update: मध्य प्रदेश के राज्यपाल लाल जी टंडन की हालत नाजुक, वेंटिलेटर पर चल रहा इलाज.

अधिवक्ता अलख आलोक श्रीवास्तव के माध्यम से दायर इस याचिका में आरोप लगाया गया है कि तेलंगाना पुलिस ने अभी तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया है ओर न ही आठ महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद अदालत में कोई आरोप पत्र ही दाखिल किया है।

याचिका में भेल को तत्काल विभागीय नियमों तथा कार्यस्थल पर महिला के उत्पीड़न की रोकथाम कानून, 2013 के तहत आरोपियों के खिलाफ समयबद्ध तरीके से उचित जांच शुरू करने का निर्देश देने का अनुरोध किया गया है।

यह भी पढ़े | कोरोना के महाराष्ट्र में 5,368 नए मरीज पाए गए, 204 की मौत, पीड़ितों की संख्या बढ़कर 2,11,987 पहुंचा.

याचिका में कहा गया है कि याचिकाकर्ता अपनी बेटी के लिये न्याय की गुहार कर रही मां है। याचिका के अनुसार पीड़ित महिला अधिकारी मध्य प्रदेश की रहने वाली थी और उसने जुलाई 2009 में ही भेल में नौकरी शुरू की थी।

याचिका में मृत महिला अधिकारी के आत्महत्या से पहले लिखे गये नोट और अपनी बहन के साथ हुयी आखिरी बार की बातचीत का भी हवाला दिया गया है। याचिका में दावा किया गया है कि इन तथ्यों से एकदम स्पष्ट है कि उसके कुछ सहयोगी उसका उत्पीड़न कर रहे थे जिस कारण वह आत्महत्या करने के लिये मजबूर हो गयी।

अनूप

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)