23 फरवरी 2026 की अहम खबरें और अपडेट
प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credit: Image File)

मेक्सिको की सेना ने देश के सबसे बड़े ड्रग्स माफिया एल मेंचो को मार गिराने का दावा किया. एल मेंचो की मौत के बाद, मेक्सिको के कई राज्यों में हिंसा हो रही है. जानिए, 23 फरवरी की सभी अहम खबरें.मेक्सिको में ड्रग्स माफिया की मौत के बाद हिंसा

नॉर्वे के जलवे के साथ शीतकालीन ओलंपिक खेल समाप्त

नेपाल में यात्रियों से भरी बस हाईवे से गिरी, 17 लोगों की हुई मौत

मणिपुरी भाषा की फिल्म ‘बूंग’ ने जीता बाफ्टा अवॉर्ड

जर्मनी में धुर दक्षिणपंथी नेता के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन

ऑस्ट्रेलिया के पूर्वी तट पर बनेगा 91 मंजिला ट्रंप टावर

पूर्वी ऑस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में ट्रंप टावर बनाने की डील पक्की हो गई है. इस सौदे की पुष्टि एक प्रॉपर्टी डेवलपर ने की है. आल्टस कंपनी के चीफ एक्जीक्यूटिव डेविड यंग ने एक बयान जारी कर कहा, "340 मीटर ऊंची और 91 मंजिलों वाली ये इमारत, मेलबर्न के 'ऑस्ट्रेलिया 108' टावर से 15 मीटर ऊंची होगी और विलासिता के मामले में ये ऑस्ट्रेलिया की हर रिजॉर्ट प्रॉपर्टी को पीछे छोड़ देगी."

ट्रंप टावर ऑस्ट्रेलिया के पूर्वी तट पर बसे सर्फर्स पैराडाइज में बनाया जाएगा. ऑस्ट्रेलियाई प्रसारक एबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, साइट पर 89 मंजिला टावर बनाने की अनुमति पहले ही दी जा चुकी है. इस बीच शहर प्रशासन का कहना है कि ट्रंप टावर बनाने के लिए प्रॉपर्टी डेवलपर कंपनी को नया आवेदन करना होगा.

एबीसी के मुताबिक, सर्फर्स पैराडाइज में 393 मीटर ऊंचे और 101 मंजिला टावर का निर्माण पहले से चल रहा है. ऐसे में ट्रंप टावर के ऑस्ट्रेलिया की सबसे ऊंची इमारत होने का दावा मुश्किल में दिखता है. अमेरिकी राष्ट्रपति और कारोबारी डॉनल्ड ट्रंप के इस टावर के निर्माण में करीब एक अरब अमेरिकी डॉलर का खर्चा आएगा.

इरीट्रिया के 3,000 से ज्यादा रिफ्यूजी मिस्र में कैद

एक मानवाधिकार एनजीओ का दावा है कि मिस्र ने इस साल इरीट्रिया के 3,000 से ज्यादा रिफ्यूजियों को हिरासत में लिया है. इस दौरान कुछ रिफ्यूजियों ने यौन हिंसा और प्रताड़ना का सामना किया है.

हॉर्न ऑफ अफ्रीका के देश, इरीट्रिया की आबादी करीब 35 लाख है. इरीट्रिया की सरकार को दुनिया की सबसे दमनकारी सत्ताओं में गिना जाता है. 1993 में इथियोपिया से आजाद होने के बाद इरीट्रिया में राष्ट्रपति इजयास अफवेर्की का शासन है. बीते 33 साल में वहां कोई चुनाव नहीं हुआ है.

ह्यूमन राइट्स कंसर्न- इरीट्रिया (एचआरसीई) के मुताबिक, 10 जनवरी से अब तक मिस्र में 3,000 से ज्यादा रिफ्यूजियों को हिरासत में लिया गया है. एनजीओ का दावा है कि उसके पास प्रताड़ना और यौन हिंसा के सबूत भी हैं. इनमें तस्वीरें और गवाहियां हैं.

एचआरसीई का दावा है कि एक मामले में मां को गिरफ्तार किए जाने के बाद उसके दो बच्चों की मौत भी हुई. एचआरसीई ने संयुक्त राष्ट्र से तुरंत इस मामले में दखल देने और अंतरराष्ट्रीय शरणार्थी कानून का पालन करवाने की अपील की है.

बोर्ड ऑफ पीस के एमडी के साथ ईयू की बातचीत आज

यूरोपीय संघ के शीर्ष अधिकारी, सोमवार को अमेरिकी राष्ट्रपति के 'बोर्ड ऑफ पीस' के मैनेजिंग डायरेक्टर से मुलाकात करेंगे. यह मुलाकात ब्रसेल्स में होगी. बोर्ड ऑफ पीस का मकसद गजा में शांति स्थापित करना और पुर्ननिर्माण में मदद करना है, लेकिन इस बोर्ड में अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप को बहुत ही ज्यादा शक्तियां दी गई हैं. यही वजह है कि ट्रंप के इस बोर्ड में अब भी दुनिया के कई अहम देश शामिल नहीं हुए हैं.

ट्रंप ने बुल्गारिया के पूर्व राजनेता और यूएन डिप्लोमैट निकोलाय म्लादेनोव को बोर्ड ऑफ पीस का मैनेजिंग डायरेक्टर नियुक्त किया है. सोमवार को म्लादेनोव, यूरोपीय संघ की विदेश नीति प्रभारी काया कालास से मिलेंगे. इसी दौरान उनकी मुलाकात ईयू के 27 देशों के विदेश मंत्रियों से भी होगी.

ट्रंप के “बोर्ड ऑफ पीस” न्योते से दुविधा में भारत

बोर्ड ऑफ पीस में शामिल होने को लेकर यूरोपीय संघ के सदस्य देशों में मतभेद है. हंगरी और बुल्गारिया इसमें शामिल हैं, जबकि फ्रांस, स्पेन, डेनमार्क और स्वीडन जैसे दिग्गज देशों ने अब तक इससे दूरी बनाई है. अनुमान लगाया जा रहा है कि ईयू के अधिकारी इस दौरान यूक्रेन युद्ध के मुद्दे और रूस पर नए प्रतिबंधों का जिक्र भी करेंगे.

जर्मनी में धुर दक्षिणपंथी नेता के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन

जर्मनी के डॉर्टमुंड शहर में रविवार को धुर दक्षिणपंथी नेता ब्योर्न ह्योके के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन हुआ. 3,000 से ज्यादा लोग, धुर दक्षिणपंथी पार्टी एएफडी (अल्टरनेटिव फॉर जर्मनी) के एक आयोजन के बाहर जमा हुए. एएफडी की यह मीटिंग डॉर्टमुंड के टाउन हॉल में हो रही थी. प्रदर्शनकारियों ने इस बैठक में ह्योके की शिरकत का विरोध किया.

सोमवार को जर्मनी के सबसे बड़े शहरों में शामिल ड्यूसेलडॉर्फ में भी इससे बड़ा प्रदर्शन होने का अनुमान लगाया जा रहा है. 53 साल के ह्योके जर्मनी के पूर्वी राज्य थुरिंजिया में एएफडी के नेता हैं. ह्योके फिलहाल, जर्मनी के सबसे ज्यादा जनसंख्या वाले राज्य, नॉर्थ राइन वेस्टफेलिया का दौरा कर रहे हैं.

कोलोन, ड्यूसेलडॉर्फ और बॉन जैसे शहरों वाले इस राज्य की गिनती, देश के सबसे उदारवादी और सहिष्णु इलाकों में होती है. वहीं दूसरी तरफ जर्मनी की एक अदालत 2019 में ह्योके को प्रतिबंधित नाजी सैल्यूट करने का दोषी करार दे चुकी है.

मणिपुरी भाषा की फिल्म ‘बूंग’ ने जीता बाफ्टा अवॉर्ड

मणिपुरी भाषा में बनी फिल्म 'बूंग' ने सर्वश्रेष्ठ बाल एवं पारिवारिक फिल्म श्रेणी में बाफ्टा पुरस्कार जीता है. बूंग को लक्ष्मीप्रिया देवी ने निर्देशित किया है और फरहान अख्तर ने इसे प्रोड्यूस किया है. लंदन के रॉयल फेस्टिवल हॉल में आयोजित समारोह में लक्ष्मीदेवी प्रिया को इस सम्मान से नवाजा गया. इस दौरान फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी भी वहां मौजूद रहे.

फिल्म वेबसाइट आईएमडीबी पर दी गई जानकारी के मुताबिक, यह फिल्म मणिपुर में रह रहे एक स्कूली बच्चे के बारे में है, जो नस्लीय तनाव और सीमाई चुनौतियों के बीच अपना जीवन जी रहा है. फिल्म में यह बच्चा अपने बंट चुके परिवार को एक करने की कोशिश करता हुआ दिखाई पड़ता है.

यह सम्मान लेते समय निर्देशक लक्ष्मीदेवी प्रिया ने मंच से एक भावुक अपील की. उन्होंने कहा, “इस मौके पर यह कहना चाहती हूं कि हम प्रार्थना करते हैं कि मणिपुर में शांति लौट आए, हम प्रार्थना करते हैं कि आंतरिक रूप से विस्थापित हुए सभी बच्चे, जिनमें फिल्म के बाल कलाकर भी शामिल हैं, उन्हें अपनी खुशी, मासूमियत और सपने वापस मिल जाएं.”

नेपाल में यात्रियों से भरी बस हाईवे से गिरी, 17 लोगों की हुई मौत

नेपाल में पोखरा से काठमांडू जा रही एक यात्री बस सोमवार तड़के सुबह हाईवे से नीचे गिर गई. इस हादसे में 17 लोगों की मौत हो गई जबकि 24 लोग घायल हो गए. पुलिस के मुताबिक, हादसा पहाड़ों से गुजर रहे पृथ्वी हाईवे पर हुआ. बस पहाड़ी ढलान पर लुढ़कती हुई नीचे से गुजर रही त्रिशूली नदी के तट पर पहुंच गई. हादसा राजधानी काठमांडू से करीब 80 किलोमीटर दूर, बेनीघाट के पास हुआ.

न्यूज एजेंसी एपी के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद बचावकर्मी मौके पर पहुंचे और घायलों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया. पुलिस हादसे की वजह की जांच कर रही है. साल 2024 में भी इसी नदी में दो बसें गिर गई थीं, जिनमें 65 यात्री सवार थे. इन बसों में सवार अधिकतर यात्रियों की या तो मौत हो गई थी या वे लापता हो गए थे. नेपाल का बड़ा हिस्सा पहाड़ों से घिरा हुआ है और पहाड़ों पर बनी संकरी सड़कें शहरों पर आपस में जोड़ती हैं. इस वजह से भी वहां सड़क हादसों का खतरा अधिक रहता है.

नॉर्वे के जलवे के साथ शीतकालीन ओलंपिक खेल समाप्त

इटली में हो रहे शीतकालीन ओलंपिक खेल समाप्त हो गए हैं. 6 फरवरी से 22 फरवरी तक हुए इस आयोजन का रविवार को आधिकारिक समापन हो गया. कुछ राजनीतिक चुनौतियों के बावजूद अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति ने इस आयोजन को सफल बताया.

खेलों में 18 स्वर्ण पदकों के साथ नॉर्वे पहले, अमेरिका (12) दूसरे और नीदरलैंड्स (10) तीसरे स्थान पर रहा. मेजबान इटली 10 स्वर्ण पदकों के साथ चौथे और जर्मनी 8 स्वर्ण पदकों के साथ पांचवें स्थान पर रहा. इन शीतकालीन ओलंपिक खेलों की एक बड़ी हाईलाइट ब्राजील का पहला स्वर्ण पदक रहा.

इटली से विदा लेने के बाद अब अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक कमेटी 2028 में लॉस एजेंलिस में होने वाले ग्रीष्मकालीन ओलंपिक खेलों की तैयारी के लिए कमर कसेगी.

सैन्य ऑपरेशन में मारा गया मेक्सिको का सबसे ताकतवर ड्रग्स माफिया

मेक्सिको की सेना ने देश के सबसे ताकतवर ड्रग्स माफिया नेमेसियो रुबेन ओसेगुएरा सेरवांतेस को मारने का दावा किया है. एल मेंचो के नाम से मशहूर सेरवांतेस की पश्चिमी मेक्सिको में एक सैन्य अभियान के दौरान मौत हुई. सेना के मुताबिक, खालिस्को प्रांत में एल मेंचो को उसके घर में पकड़ने का अभियान चलाया जा रहा था. इसी अभियान के दौरान मुठभेड़ हुई, जिसमे एल मेंचो की मौत हो गई.

मेक्सिको में नशीली दवा फेंटैनिल और कोकीन की तस्करी का बड़ा और ताकतवर नेटवर्क, एल मेंचो की अगुवाई में चल रहा था. एल मेंचो के गैंग पर मादक पदार्थ अमेरिका भेजने के साथ ही मेक्सिको सरकार के कई अधिकारियों पर हमले करने के आरोप भी थे. एल मेंचो को अमेरिका ने भी मोस्ट वॉन्टेड अपराधी का दर्जा दिया था. स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, मेक्सिको में जिन अधिकारियों ने भी एल मेंचो के नेटवर्क पर लगाम कसने की कोशिश की, गैंग ने उन्हें निशाना बनाया.

एल मेंचो की मौत के बाद उसके गैंग के सदस्यों ने पूरे मेक्सिको में उग्र हिंसा शुरू कर दी है. 250 गैंग मेम्बरों ने देश के 20 प्रांतों में सड़कें ब्लॉक कर दीं. कई वाहनों और कुछ इमारतों को आग लगा दी. मेक्सिको के कई राज्यों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं. प्रशासन ने लोगों को घरों पर रहने की हिदायत दी है.