देश की खबरें | विदेश में माध्यमिक शिक्षा के लिए टीओईएफएल में शामिल होने वाले भारतीयों का प्रतिशत बढ़ा: ईटीएस

नयी दिल्ली, 24 सितंबर विदेश में माध्यमिक शिक्षा हासिल करने और प्रमाणन के लिए ‘टेस्ट ऑफ इंग्लिश ऐज़ ए फॉरेन लैंगवेज’ (टीओईएफएल) की परीक्षा में बैठने वाले भारतीयों के प्रतिशत में बीते कुछ सालों के दौरान क्रमिक रूप से वृद्धि हुई है, जबकि आव्रजन उद्देश्य के लिए परीक्षा में बैठने वालों की संख्या में कमी आई है। एजुकेशन टेस्टिंग सर्विस (ईटीएस) के आंकड़ों से यह जानकारी मिली है।

अमेरिका में न्यूजर्सी राज्य के प्रिस्टन में स्थित ईटीएस ने कहा कि यह प्रवृत्ति युवाओं की बदलती आकांक्षाओं को दर्शाती है। ईटीएस, टीओईएफएल और ग्रेजुएट रिकॉर्ड एग्जामिनेशन (जीआरई) आयोजित करता है।

आंकड़ों के मुताबिक, विदेश में प्रमाणन या माध्यमिक विद्यालयों में पढ़ाई करने के लिए भारतीय अभ्यर्थियों का प्रतिशत 2021 में कुल उम्मीदवारों के 5.83 प्रतिशत से बढ़कर 2022 में 7.77 फीसदी हो गया है। इसी अवधि के दौरान, रोजगार या आव्रजन के लिए टीओईएफएल में भारतीय अभ्यर्थियों का प्रतिशत 8.19 प्रतिशत से घटकर 7.22 फीसदी हो गया है।

ईटीएस के शीर्ष अधिकारियों ने पुष्टि की है कि 2018 से यह प्रवृत्ति देखी जा रही है।

आंकड़ों के मुताबिक, स्नातक या स्नातकोत्तर बिजनेस पाठ्यक्रम/स्नातक या स्नातकोत्तर कार्यक्रम, व्यावसायिक कार्यक्रम के अलावा अन्य कार्यक्रमों में दाखिला लेने के लिए टीओईएफएल में शामिल होने वाले भारतीयों का प्रतिशत 2021 में 70.84 प्रतिशत से बढ़कर 2022 में 71.87 फीसदी हो गया है।

ईटीएस के भारत और दक्षिण एशिया के लिए देश प्रबंधक सचिन जैन ने बताया, “हमारे पास मौजूद आंकड़ों से हमें पता चलता है कि माध्यमिक शिक्षा के लिए छात्रों में टीओईएफएल परीक्षा देने का रुझान बढ़ रहा है। यह प्रवृत्ति युवाओं की बदलती आकांक्षाओं का प्रमाण है।”

साल 2021 में 2020 की तुलना में टीओईएफएल परीक्षा देने वाले भारतीय की संख्या में 53 प्रतिशत की वृद्धि हुई। 2022 में, अभ्यर्थियों की संख्या में 2021 की तुलना में 59 प्रतिशत की बढ़ोतरी देखी गई।

भारत में दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, पुणे, हैदराबाद, गुरुग्राम, चेन्नई, कोलकाता और अहमदाबाद से सबसे ज्यादा संख्या में लोग परीक्षा में शामिल होते हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)