विदेश की खबरें | एलर्जी की शिकायत वाले लोग फाइजर के कोविड-19 टीके की खुराक नहीं लें : ब्रिटिश विनियामक

लंदन, नौ दिसंबर ब्रिटेन के दवा विनियामक ने बुधवार को चेतावनी जारी करते हुए कहा कि दवाओं, खाद्य पदार्थों या टीके से एलर्जी होने की शिकायत वाले लोग फाइजर/बायोनटेक के कोविड-19 टीके की खुराक नहीं लें।

इससे एक दिन पहले ही कुछ लोगों को कोविड-19 के खिलाफ टीके की पहली खुराक दी गई थी।

यह भी पढ़े | पाकिस्तान ने हिंदू और ईसाई महिलाओं की चीन में ‘उप-पत्नी’ के तौर पर की मार्केटिंग.

राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा (एनएचएस) के दो कर्मचारियों ने टीका लगने के कुछ ही देर बाद ''एनाफाईलैक्टॉयड रिऐक्शन (तीव्रग्राहिता प्रतिक्रिया)'' की शिकायत की, जिसके बाद यह चेतावनी जारी की गई है। हालांकि, अब वे दोनों इस एलर्जी से तेजी से उबर रहे हैं।

एनएचएस इंग्लैंड ने कहा कि उसने टीकाकरण कार्यक्रम में शामिल अपने सभी न्यासों को इस बारे में सूचित किया है और बुधवार से, टीका लगवाने वाले सभी मरीजों से पूछा जाएगा कि क्या उन्हें पूर्व में किसी तरह की एलर्जी प्रतिक्रिया की शिकायत तो नहीं रही?

यह भी पढ़े | अमेरिका: नवनिर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडेन ने COVID19 टीम को किया पेश, विवेकमूर्ति की खूब तारीफ की.

इंग्लैंड में एनएचएस के चिकित्सा निदेशक प्रोफेसर स्टीफन पोविश ने कहा, '' जैसा की किसी भी नए टीके के लिए आम बात है, एमएचआरए ने बतौर सावधानी यह सुझाव दिया है कि पूर्व में एलर्जी प्रतिक्रिया की शिकायत से पीड़ित लोग इस टीके को नहीं लगवाएं।''

''तीव्रग्राहिता प्रतिक्रिया'' के चलते त्वचा पर ददोरे, मतली, उल्टी, सांस लेने में कठिनाई जैसी समस्याएं सामने आ सकती हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)