न्यूयॉर्क, 21 जून अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई में आयोजित एक ऐतिहासिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में लोग यहां संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय के बाहर उत्साह और उत्सव की भावना से सराबोर नजर आए।
योग कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रवेश द्वार के बाहर बड़ी संख्या में भारतवंशी के साथ-साथ अन्य देशों के लोगों की लंबी कतार लग गई। बिना पास के अंदर जाने की उम्मीद में पहुंचे कई लोग निराश ही रह गए।
न्यूजर्सी से ट्रेन से न्यूयॉर्क आए मधुसूदन ने कहा, ‘‘मैंने चांस लिया, लेकिन यह ठीक है। योग के लिए इतनी उत्साही भीड़ देखकर अच्छा लगा।’’
कार्यक्रम में मोदी की मौजूदगी से बड़ी संख्या में भारतीय-अमेरिकी कार्यक्रम स्थल पर आए हैं। ज्यादातर लोग बस और ट्रेन से यहां पहुंचे हैं।
‘वर्ल्ड पीस एंड हेल्थ फाउंडेशन’ के प्रमोद भगत ने कहा, ‘‘मोदी दुनिया के लिए योग के राजदूत हैं। युद्ध और संघर्ष के बीच दुनिया को शांति और सद्भाव की जरूरत है, योग इसका माध्यम है।’’
कतार में खड़ी जर्मन नागरिक कैरोलिन ने कहा कि वह संयुक्त राष्ट्र के आयोजन के बारे में जानने के बाद आई हैं। उन्होंने योग के लाभों की प्रशंसा की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY