देश की खबरें | भारत में कोविड-19 से ठीक होने वाले लोगों की संख्या, मरीजों से 3.5 गुना अधिक हुई :स्वास्थ्य मंत्रालय
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, 26 अगस्त कोविड-19 महामारी से भारत में अब तक कुल 24,67,758 लोग स्वस्थ हो चुके हैं और आज संक्रमण से ठीक होने वाले लोगों की संख्या इलाज करा रहे रोगियों की संख्या से 3.5 गुना से अधिक हो गई है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि भारत में कोविड-19 रोगियों के स्वस्थ होने की दर बढ़कर आज 76 प्रतिशत से अधिक हो गई है।

यह भी पढ़े | Rahul Gandhi On RBI Report: राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर साधा निशाना, ट्वीट कर बोले- ध्यान भटकाने से नहीं, गरीबों को पैसे देने से पटरी पर आएगी देश की अर्थव्यवस्था.

मंत्रालय ने कहा कि भारत में संक्रमितों के ठीक होने की इतनी बड़ी संख्या से देश में मौजूदा मरीजों की संख्या यानी ‘‘वास्तविक केसलोड’’ कम हुआ है। वर्तमान में यह कुल संक्रमित मामलों का केवल 21.87% है।

मंत्रालय ने कहा कि पिछले कई दिन से इस बीमारी से एक ही दिन में ठीक होने वाले मरीजों का आंकड़ा 60,000 से अधिक रहा है। पिछले 24 घंटों में कोविड-19 के 63,173 मरीजों के ठीक होने के साथ ही इस बीमारी से अब तक कुल 24,67,758 लोग उपचार के बाद स्वस्थ हो चुके हैं।

यह भी पढ़े | Sonia Gandhi’s Virtual Meet with CMs of 7 States: पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने कहा, JEE और NEET की परीक्षा टालने के लिए सब राज्य की सरकारें SC चले.

स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि ठीक होने की इस रफ्तार का इस बीमारी से ठीक होने वाले मरीजों के प्रतिशत और इसके मौजूदा मामलों के प्रतिशत के बीच का अंतर बढ़ाने में अहम योगदान रहा है।

भारत में कोविड-19 बीमारी के इस समय 7,07,267 मामले हैं जबकि स्वस्थ हुए लोगों की संख्या 24,67,758 है। यानी दोनों के बीच अंतर 17,60,489 पहुंच गया है। इसके साथ ही, भारत में कोविड-19 रोगियों के स्वस्थ होने की दर बढ़कर आज 76.30% हो गई है।

मंत्रालय ने कहा, ‘‘व्यापक तौर पर संक्रमण के, युद्ध स्तर पर परीक्षण के जरिए संक्रमितों का शुरुआती पता लगाने और अस्पतालों में भर्ती मरीजों के कुशल क्लीनिकल उपचार के केंद्र और राज्य/केंद्र शासित प्रदेश सरकारों के समन्वित प्रयासों ने लगातार कम होती मृत्यु दर के रूप में बेहतर नतीजे दिखाए हैं। यह आज की तारीख में 1.84% है, और इसमें लगातार गिरावट आ रही है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)