देश की खबरें | भारतीयों के आस्ट्रेलियाई वीजा आवेदन लंबित होने को लेकर द्विपक्षीय मंच पर चर्चा हुई: प्रधान

नयी दिल्ली, दो मार्च केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारतीयों के आस्ट्रेलियाई वीजा आवेदनों के लंबित होने के संबंध में एक बार फिर द्विपक्षीय मंच पर चर्चा हुई है।

प्रधान ने अपने ऑस्ट्रेलियाई समकक्ष जेसन क्लेयर के साथ इस मुद्दे पर चर्चा की, जो पांच मार्च तक भारत की यात्रा पर हैं। क्लेयर ने बताया कि भारतीय छात्रों के शिक्षा वीजा आवेदनों को मंजूरी देना उनके देश के लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है।

प्रधान ने एक कार्यक्रम से इतर संवाददाताओं से कहा, ‘‘कोविड-19 महामारी के बाद, छात्रों और अन्य कामगारों के लिए वीजा प्रक्रिया काफी धीमी हो गई थी। पिछले साल, ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने हमें और अधिक श्रमबल (कार्य में) लगाने और प्रक्रिया को आसान बनाने का आश्वासन दिया था।’’

उन्होंने कहा, ‘‘पिछले 5 महीनों में भारतीयों के लंबित 4 लाख ऑस्ट्रेलियाई वीजा आवेदनों की संख्या घटी है, लेकिन अभी भी काफी आवेदन लंबित हैं। इस मुद्दे पर फिर से द्विपक्षीय मंच पर चर्चा की गई, जब हमने छात्रों की आवाजाही की बात की।’’

क्लेयर संस्थागत भागीदारी और दोनों देशों के बीच सहयोग को बढ़ावा देने के लिए एक ऑस्ट्रेलियाई प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं। प्रधान ने पिछले साल ऑस्ट्रेलिया की यात्रा की थी।

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने पिछले साल अक्टूबर में ऑस्ट्रेलियाई अधिकारियों के साथ विशेष रूप से महामारी के बाद देश में शैक्षणिक संस्थानों में लौटने के इच्छुक छात्रों से संबंधित लंबित वीजा का मुद्दा उठाया था।

शैक्षणिक संस्थानों में लौटने या नए पाठ्यक्रमों में शामिल होने के लिए वीजा के इच्छुक भारतीय छात्रों की कई शिकायतों के बाद इस मुद्दे को ऑस्ट्रेलियाई अधिकारियों के समक्ष उठाया गया था। करीब 1,05,000 भारतीय छात्र वर्तमान में ऑस्ट्रेलिया के विश्वविद्यालयों में पढ़ते हैं। ब्रिटेन के बाद, भारत 2020 में ऑस्ट्रेलिया में दूसरा सबसे बड़ा प्रवासी समूह था।

व्यापार, निवेश सहित कई क्षेत्रों में समग्र द्विपक्षीय भागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज अगले सप्ताह भारत की पहली यात्रा पर आने वाले हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)