देश की खबरें | बड़ी बहन गीता मेहता के अंतिम संस्कार में शामिल होने दिल्ली पहुंचे पटनायक

भुवनेश्वर/नयी दिल्ली, 17 सितंबर ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक अपनी बड़ी बहन और प्रख्यात लेखिका गीता मेहता के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए रविवार को नयी दिल्ली पहुंचे।

मेहता का शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी में निधन हो गया था। वह 80 वर्ष की थीं।

पटनायक ने राष्ट्रीय राजधानी में पत्रकारों से कहा, ‘‘अपनी बड़ी बहन के निधन के कारण मैं यहां आया हूं। वह जानी-मानी लेखिका और फिल्म निर्माता थीं।’’

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मेहता का अंतिम संस्कार होने के बाद मुख्यमंत्री सोमवार को भुवनेश्वर लौटेंगे।

उन्होंने बताया कि मेहता का अंतिम संस्कार विदेश में रह रहे उनके बेटे आदित्य के लौटने के बाद होगा।

उनके पार्थिव शरीर को एपीजी अब्दुल कलाम मार्ग पर पटनायक के आवास पर रखा गया है।

मेहता ने ‘कर्मा कोला’, ‘स्नैक एंड लैडर्स’, ‘ए रिवर सूत्र’ और ‘द इटर्नल गणेशा’ समेत कई किताबें लिखीं।

इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, ओडिशा के राज्यपाल गणेशी लाल, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और विभिन्न राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेताओं ने मेहता के निधन पर शोक जताया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)