भुवनेश्वर, पांच सितंबर ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने शनिवार को छत्तीसगढ़ में हुई सड़क दुर्घटना में राज्य के गंजाम जिले के सात लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से एक बयान में कहा गया है कि शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी सहानुभूति व्यक्त करते हुए, पटनायक ने ग्रामीण विकास और श्रम मंत्री सुशांत सिंह को निर्देश दिया कि रायपुर में दुर्घटना के पीड़ितों को आवश्यक सहायता देने के लिए वे तुरंत वहां के लिए रवाना हो जाएं।
पटनायक ने शोक संतप्त परिवारों के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष (सीएमआरएफ) से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि के अलावा, घायलों को नि:शुल्क चिकित्सा देने की भी घोषणा की और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
मुख्यमंत्री ने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को समन्वय के लिए छत्तीसगढ़ के अपने समकक्ष के संपर्क में रहने के लिए कहा।
यह भी पढ़े | बिहार: पटना में शराब माफिया और पुलिस के बीच मुठभेड़, ASI को लगी गोली.
छत्तीसगढ़ के रायपुर में शनिवार को सड़क दुर्घटना में सात मजदूरों की मौत हो गई तथा सात अन्य घायल हो गए हैं।
रायपुर जिले के पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को यहां बताया कि रायपुर शहर के तेलीबांधा पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत सेरीखेड़ी गांव के करीब बस और ट्रक के बीच हुई टक्कर में बस में सवार सात मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई है तथा सात अन्य घायल हो गए हैं। ओडिशा के 59 मजदूर एक बस में सवार होकर गुजरात के लिए रवाना हुए थे। जब बस सेरीखेड़ी गांव के करीब पहुंची तब वह ट्रक से टकरा गई।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY