जरुरी जानकारी | कोफोर्ज का सेबर कॉरपोरेशन के साथ 13,607 करोड़ रुपये का साझेदारी समझौता

नयी दिल्ली, चार मार्च सूचना प्रौद्योगिकी समाधान कंपनी कोफोर्ज ने यात्रा प्रौद्योगिकी कंपनी सेबर कॉरपोरेशन के साथ 13 साल की साझेदारी की घोषणा की है। इस समझौते का मूल्य करीब 13,607 करोड़ रुपये है।

कोफोर्ज ने मंगलवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि इस समझौते के तहत वह सेबर को उत्पाद विकास में तेजी लाने और कृत्रिम मेधा (एआई) समाधान पेश करने में मदद के लिए एक प्रमुख भागीदार के रूप में काम करेगी।

इस समझौते का मूल्य लगभग 1.56 अरब डॉलर (लगभग 13,607 करोड़ रुपये) आंका गया है।

सेबर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) और अध्यक्ष कर्ट एकर्ट ने कहा, ‘‘सेबर लगातार बढ़ते यात्रा बाजार के साथ अगली पीढ़ी के समाधानों को आगे बढ़ाने, बनाने और तैनात करने के लिए एक लाभप्रद स्थिति में है। इस प्रक्रिया को तेज करने में कोफोर्ज की भागीदारी का हमें इंतजार है।’’

कंपनी ने कहा, ‘‘वर्ष 2025 सेबर के लिए एक अहम साल है। नियंत्रित ध्यान, सख्त प्राथमिकता और प्रमुख प्रौद्योगिकी निवेश ने हमें नवाचार तेज करने और यात्रा में सबसे मूल्यवान वैश्विक प्रौद्योगिकी मंच बनने की हमारी तलाश को मजबूत स्थिति में ला दिया है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)