भद्रवाह/जम्मू, 17 अप्रैल उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बृहस्पतिवार को कहा कि पाकिस्तान एक "नाकाम देश" है और वह केंद्र शासित प्रदेश में आतंकवादियों को भेजकर लगातार जम्मू-कश्मीर में शांति और सामान्य स्थिति को बाधित करने की कोशिश करता है।
सिन्हा ने लोगों से आग्रह किया कि वे समाज में ऐसे व्यक्तियों के बारे में पुलिस को सूचित करें जो शांति और लोक कल्याण के विरोधी हैं।
सिन्हा ने भद्रवाह में एक समारोह में कहा, "जब भी यहां शांति स्थापित होती है, हमारे पड़ोसी को पेट में दर्द होने लगता है।"
उन्होंने कहा कि पुलिस और सुरक्षा बलों ने प्रशासन के साथ समन्वय करके आतंकवाद को खत्म करने के लिए अभियान शुरू किया है, लेकिन पाकिस्तान जम्मू-कश्मीर में शांति भंग करने के अपने प्रयास जारी रखे हुए है।
उपराज्यपाल ने कहा कि पाकिस्तान अपनी आंतरिक समस्याओं से जूझ रहा है।
उन्होंने कहा, "हम सभी जानते हैं कि यह एक नाकाम देश है। यह अपने नागरिकों को बुनियादी सुविधाएं भी नहीं दे सकता। फिर भी यह लगातार आतंकवादियों को यहां भेजकर जम्मू-कश्मीर में शांति भंग करने की कोशिश करता रहता है।"
सिन्हा ने जोर देकर कहा कि शांति के बिना विकास नहीं हो सकता। उन्होंने कहा, "समाज में कुछ लोग आतंकवादियों को पनाह देते हैं और उनकी गतिविधियों में मदद करते हैं।"
उन्होंने कहा, "मैं उनसे अपील करना चाहता हूं-अगर आप में से कोई भी ऐसे तत्वों का समर्थन कर रहा है, तो यह आपका कर्तव्य है कि आप उन्हें बचाएं नहीं, बल्कि पुलिस को सूचित करें।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY