खेल की खबरें | पाकिस्तान ने नीदरलैंड को पहले वनडे में 16 रन से हराया

पाकिस्तान ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया और चार ओवर में तीन ही रन बन सके । छह ओवर के बाद स्कोर एक विकेट पर 10 रन था जब विवियन किंग्मा ने इमामुल हक (दो) को पगबाधा आउट किया ।

सलामी बल्लेबाज फखर जमां ने 109 गेंद में 109 रन बनाकर टीम को संकट से निकाला । उन्होंने अपनी पारी में 12 चौके और एक छक्का लगाया ।

जमां और कप्तान बाबर आजम (85 गेंद में 74 रन) ने दूसरे विकेट के लिये 168 रन की साझेदारी की । शादाब खान ने 28 गेंद में नाबाद 48 रन बनाये जिसकी मदद से पाकिस्तान ने छह विकेट पर 314 रन जोड़े ।

नीदरलैंड के लिये तेज गेंदबाज बास डि लीड ने 10 ओवर में 42 रन देकर दो विकेट लिये ।

जवाब में नीदरलैंड ने आठ विकेट पर 298 रन बना लिये थे । कप्तान स्कॉट एडवडर्स 60 गेंद में 71 रन बनाकर नाबाद रहे ।सलामी बल्लेबाज विक्रमजीत सिंह और पांचवें नंबर पर उतरे टॉम कूपर ने 65 . 65 रन बनाये ।

पाकिस्तान के लिये हारिस रऊफ और नसीम शाह ने तीन तीन विकेट लिये ।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)