इस्लामाबाद, 16 सितंबर पाकिस्तान वायु सेना (पीएएफ) ने चीन और मिस्र में दो बड़े वायुसेना अभ्यास में भाग लिया और दावा किया कि ‘‘दुर्जेय वायु सेना’’ के रूप में उभरने की दिशा में जारी उसकी यात्रा में यह ‘एक मील का पत्थर’ है।
दुनिया न्यूज चैनल की वेवसाइट ने शुक्रवार को जारी खबर में कहा है कि पाकिस्तान वायुसेना के प्रमुख लड़ाकू विमान जे-10 सी और जेएफ-17, लड़ाकू पायलट, वायु रक्षा नियंत्रक और तकनीकी ग्राउंड सदस्य इसमें शामिल हैं। इन्होंने चीन में जन मुक्ति सेना वायु सेना द्वारा आयोजित शाहीन-एक्स द्विपक्षीय वायु अभ्यास तथा मिस्र में आयोजित ब्राइट स्टार वायु अभ्यास में सक्रिय रूप से भाग लिया ।
वार्षिक द्विपक्षीय चीन-पाकिस्तान संयुक्त वायु सेना प्रशिक्षण अभ्यास ‘शाहीन (ईगल) - एक्स’ उत्तर पश्चिम चीन के जिउक्वान और यिनचुआन इलाके में आयोजित किया जा रहा है। अगस्त में पिछले सप्ताह शुरू हुआ यह अभ्यास सितंबर के मध्य तक जारी रहेगा।
चाइना मिलीट्री डॉट काम ने कहा है कि चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी एयर फोर्स (पीएलएएएफ) और पीएएफ 2011 से ही संयुक्त अभ्यास कर रहे हैं, जिसे दोनों देशों द्वारा बारी बारी से आयोजित किया जाता है ।
पीएएफ के एक बयान के हवाले से दुनिया न्यूज की खबर में कहा गया है, ‘‘शाहीन-एक्स अभ्यास में इन लड़ाकू विमानों की भागीदारी तकनीकी रूप से उन्नत और दुर्जेय वायु सेना की दिशा में पीएएफ की यात्रा में एक मील का पत्थर है।’’
इसमें कहा गया है कि चीन में शाहीन-एक्स अभ्यास और मिस्र में ब्राइट स्टार वायु अभ्यास पीएएफ को अपने परिचालन अनुभव को बढ़ाने और दुनिया भर के सम्मानित समकक्षों के साथ ज्ञान का आदान-प्रदान करने के लिए अमूल्य अवसर प्रदान करते हैं।
मिस्र के सशस्त्र बलों ने कहा था कि इस बीच, 2023 के लिए वार्षिक ‘ब्राइट स्टार्ट’ अभ्यास मिस्र के हम्माम शहर में मोहम्मद नागुइब सैन्य अड्डे पर संपन्न हुआ। मिस्र-अमेरिका संयुक्त सैन्य अभ्यास ब्राइट स्टार 2023 में 19 देशों के 800 युद्धक विमानों ने भाग लिया।
इसमें भारत, सऊदी अरब, यूनान, संयुक्त अरब अमीरात, ओमान, जॉर्डन, ब्रिटेन और साइप्रस भी शामिल थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY