देश की खबरें | पहलगाम आतंकी हमला: कर्नाटक के दो लोगों का पुलिस सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

बेंगलुरु/शिवमोगा, 24 अप्रैल जम्मू कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को हुए आतंकवादी हमले में मारे गए कर्नाटक के दो लोगों का पुलिस सम्मान के साथ बृहस्पतिवार को अंतिम संस्कार किया गया।

अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और इस दौरान पाकिस्तान के खिलाफ नारे भी लगाए गए।

पहलगाम में आंतकवादियों द्वारा धार्मिक पहचान पूछकर जिन लोगों को गोली मारी गई उनमें कर्नाटक के मंजूनाथ राव और भरत भूषण भी शामिल थे। दोनों का पुलिस सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

मंजूनाथ का अंतिम संस्कार शिवमोगा में किया गया जबकि भूषण का अंतिम संस्कार बेंगलुरु में किया गया। अंतिम संस्कार में मंत्री, नेता, पुलिस अधिकारी सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

इस दौरान लोगों ने भारत के समर्थन में नारे लगाए और देश में आतंकवाद प्रायोजित करने के लिए पाकिस्तान की निंदा की।

मंजूनाथ की पत्नी पल्लवी ने पत्रकारों से कहा कि 22 अप्रैल के आतंकवादी हमले के दोषियों को इस तरह से दंडित किया जाना चाहिए कि इससे ऐसे जघन्य अपराधों में शामिल अन्य लोग भयभीत हों।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)