नयी दिल्ली, 24 अप्रैल फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से फोन पर बातचीत में कहा कि पहलगाम आतंकवादी हमले दौरान सामने आई बर्बरता पूरी तरह अस्वीकार्य है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल के अनुसार, इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने भी प्रधानमंत्री मोदी से फोन पर बात की और भारतीय धरती पर हुए ‘भयावह’ आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा की।
जायसवाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी पोस्ट में कहा कि राष्ट्रपति मैक्रों ने जम्मू-कश्मीर में हुए जघन्य आतंकवादी हमले में निर्दोष लोगों की ‘क्रूर हत्या’ पर व्यक्तिगत तौर पर संवेदना व्यक्त की।
प्रवक्ता ने कहा, ‘‘ राष्ट्रपति ने हमले की कड़ी निंदा की और भारत के लोगों के साथ पूर्ण समर्थन और एकजुटता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस तरह की बर्बरता पूरी तरह से अस्वीकार्य है।’’
जायसवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री ने समर्थन संदेश के लिए राष्ट्रपति को धन्यवाद दिया तथा अपराधियों को न्याय के शिकंजे में लाने के लिए भारत के दृढ़ संकल्प से अवगत कराया।
जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मेलोनी ने भारतीय धरती पर हुए भयावह आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा की तथा पीड़ितों के प्रति अपनी संवेदनाएं एवं प्रार्थनाएं व्यक्त कीं।
प्रवक्ता ने कहा, ‘‘मेलोनी ने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में इटली की ओर से पूर्ण समर्थन व्यक्त किया। प्रधानमंत्री मोदी ने उनके आह्वान और आतंकवाद तथा इसके पीछे छिपे लोगों के खिलाफ समर्थन के स्पष्ट संदेश की सराहना की।’’
जायसवाल ने कहा, ‘‘भारत और इटली आतंकवाद विरोधी प्रयासों को मजबूत करने के लिए अंतरराष्ट्रीय मंचों सहित अन्य मंचों पर मिलकर काम करना जारी रखेंगे।’’
पहलगाम में मंगलवार को हुए आतंकवादी हमले में 26 नागरिक मारे गए, जिनमें अधिकतर पर्यटक थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)










QuickLY