नयी दिल्ली, 12 मई प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को दावा किया कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ महज एक नाम नहीं है बल्कि आतंकवाद के खिलाफ भारत की ताजा नीति है तथा इसने आतंकवाद विरोधी उपायों में एक नया मानक कायम किया है।
पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों के खिलाफ शुरू किए गए ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार राष्ट्र को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इस ऑपरेशन के जरिये भारत ने एक नयी लकीर खींच दी है।
उन्होंने कहा, ‘‘ऑपरेशन सिंदूर ये सिर्फ नाम नहीं है, ये देश के कोटि-कोटि लोगों की भावनाओं का प्रतिबिंब है। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ न्याय की अखंड प्रतिज्ञा है। 6 मई की देर रात, 7 मई की सुबह, पूरी दुनिया ने इस प्रतिज्ञा को परिणाम में बदलते देखा है।’’
मोदी ने कहा कि भारत की सेनाओं ने पाकिस्तान में आतंक के ठिकानों पर, उनके प्रशिक्षण केंद्रों पर सटीक प्रहार किया।
उन्होंने कहा,‘‘आतंकियों ने सपने में भी नहीं सोचा था कि भारत इतना बड़ा फैसला ले सकता है। लेकिन जब देश एकजुट होता है, राष्ट्र प्रथम की भावना से भरा होता है, राष्ट्र सर्वोपरि होता है, तो फौलादी फैसले लिए जाते हैं, परिणाम लाकर दिखाए जाते हैं।’’
प्रधानमंत्री ने कहा कि 22 अप्रैल को पहलगाम में आतंकवादियों ने जो बर्बरता दिखाई थी, उसने देश और दुनिया को झकझोर दिया था।
उन्होंने अत्यंत पीड़ा के साथ कहा, ‘‘छुट्टियां मना रहे निर्दोष-मासूम नागरिकों को धर्म पूछकर, उनके परिवार के सामने, उनके बच्चों के सामने, बेरहमी से मार डालना, ये आतंक का बहुत विभत्स चेहरा था, क्रूरता थी। ये देश के सद्भाव को तोड़ने की घिनौनी कोशिश भी थी। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘मेरे लिए व्यक्तिगत रूप से ये पीड़ा बहुत बड़ी थी।’’
मोदी ने कहा, ‘‘हमने आतंकवादियों को मिट्टी में मिलाने के लिए भारत की सेनाओं को पूरी छूट दे दी। और आज हर आतंकी, आतंक का हर संगठन जान चुका है कि हमारी बहनों-बेटियों के माथे से सिंदूर हटाने का अंजाम क्या होता है।’’
सूत्रों के अनुसार पाकिस्तान एवं पाक अधिकृत कश्मीर में आतंकवादियों एवं आतंकी नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए सशस्त्र बलों द्वारा जो अभियान चलाया जाना था, उसका नाम ‘ऑपरेशन सिंदूर’ रखने वाले व्यक्ति स्वयं प्रधानमंत्री मोदी थे।
गौरतलब है कि जम्मू कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को आतंकवादियों ने 22 निर्दोष लोगों को उनके परिजनों के समक्ष निर्ममता से मार डाला था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY