देश की खबरें | ग़ुब्बारे में गैस भरते समय सिलेंडर फटने से एक युवक की मौत, दो घायल

गोरखपुर, एक जनवरी उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के चौरीचौरा थाना इलाक़े में रविवार को गुब्बारे में गैस भरते समय सिलेंडर फट जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गयी जबकि दो अन्य घायल हो गये। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि हादसा चौरी चौरा थाना क्षेत्र के फुटहवा इनार चौराहे पर हुआ।

पुलिस के अनुसार श्रीकिशुन गुप्ता (35) अपनी साइकिल पर गैस से भरे गुब्बारे बेचा करता था। पुलिस ने बताया कि रविवार को वह गुब्बारे बेचने गया और जब वह फुटहवा इनार चौराहे पर गुब्बारे में गैस भर रहा था, तभी सिलेंडर में विस्फोट हो गया और श्रीकिशुन की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार साइकिल के पास खड़े दिलीप शर्मा (25) इस घटना में घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि इस घटना में एक अन्य व्यक्ति भी घायल हो गया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

चौरी चौरा थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) जयंत कुमार सिंह ने बताया कि गैस सिलेंडर फटने के मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही कारणों का पता लगाया जाएगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)