देश की खबरें | दिल्ली मेट्रो में आपत्तिजनक हरकत करने के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार

नयी दिल्ली, 31 अगस्त दिल्ली मेट्रो में यात्रा के दौरान एक नाबालिग लड़की के साथ कथित तौर पर आपत्तिजनक हरकत करने पर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि यह घटना दिल्ली मेट्रो की ‘रेड लाइन’ पर बुधवार रात लगभग साढ़े आठ बजे हुई। उन्होंने बताया कि उस समय रक्षाबंधन पर्व के कारण ट्रेन के डिब्बे में काफी भीड़ थी।

अधिकारियों ने बताया कि नाबालिग की मां को पता चला कि भीड़भाड़ के बीच डिब्बे में आरोपी व्यक्ति ने हस्तमैथुन कर वीर्य उनकी बेटी पर गिरा दिया और वह सीलमपुर स्टेशन पर उतर गईं।

उन्होंने बताया कि मूलरूप से पश्चिम बंगाल के रहने वाले आरोपी व्यक्ति को प्रत्यक्षदर्शी एवं दो यात्रियों ने पकड़ लिया और शाहदरा स्टेशन पर दिल्ली मेट्रो अधिकारियों के हवाले कर दिया। इसके बाद स्टेशन अधिकारियों ने पुलिस को इस बारे में सूचित किया।

दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने एक बयान में कहा कि ऐसी घटनाएं ‘‘बेहद घृणित और यात्रियों की गरिमा तथा सभी सामाजिक मानदंडों के खिलाफ हैं।’’

बयान में कहा गया, ‘‘इस विशेष मामले में, हम सहयोगी यात्रियों की प्रतिक्रिया की सराहना करते हैं जो इसे डीएमआरसी कर्मचारियों के ध्यान में लाये। डीएमआरसी कर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया और आगे की कार्रवाई के लिए प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।’’

बयान में कहा गया, ‘‘हम अपने यात्रियों से एक बार फिर अनुरोध करेंगे कि वे मेट्रो से यात्रा करते समय जिम्मेदार व्यवहार करें और एक अनुकूल यात्रा वातावरण बनाने में मदद करें, जहां सभी यात्री सुरक्षित और आरामदायक यात्रा कर सकें।’’

दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) ने घटना पर पुलिस उपायुक्त (मेट्रो) को नोटिस जारी कर पांच सितंबर तक कार्रवाई रिपोर्ट मांगी है।

आयोग ने पकड़े गए व्यक्ति का विवरण और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए उठाए गए कदमों की भी जानकारी मांगी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)