केंद्रीय मंत्री रावसाहेब दानवे की टिप्पणी पर संजय राउत ने कहा, बाल ठाकरे ने महाराष्ट्र को दिया पहला ब्राह्मण मुख्यमंत्री
शिवसेना नेता संजय राउत ने बृहस्पतिवार को कहा कि पार्टी के संस्थापक दिवंगत बाल ठाकरे ने ही मनोहर जोशी के रूप में महाराष्ट्र को पहला ब्राह्मण मुख्यमंत्री दिया था.
पुणे, 6 मई : शिवसेना नेता संजय राउत (Sanjay Raut) ने बृहस्पतिवार को कहा कि पार्टी के संस्थापक दिवंगत बाल ठाकरे ने ही मनोहर जोशी के रूप में महाराष्ट्र को पहला ब्राह्मण मुख्यमंत्री दिया था. हडपसर इलाके में आयोजित एक राजनीतिक रैली को संबोधित करते हुए राउत ने कहा कि यह दिवंगत पार्टी सुप्रीमो थे जिन्होंने मुंबई और महाराष्ट्र में सड़कों पर नमाज़ अदा करने की प्रथा को खत्म किया.
राउत मंगलवार रात जालना में ब्राह्मण समुदाय द्वारा आयोजित एक रैली के दौरान केंद्रीय मंत्री रावसाहेब दानवे (Raosaheb Danve) के उस बयान का जिक्र कर रहे थे, जिसमें उन्होंने कहा था कि वह महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में ब्राह्मण समुदाय के किसी सदस्य को देखना चाहते हैं. राउत ने कहा, ''मैंने (भाजपा नेता) रावसाहेब दानवे का एक बयान पढ़ा कि वह महाराष्ट्र में एक ब्राह्मण मुख्यमंत्री देखना चाहते हैं. आप राज्य को जातियों और वर्गों में क्यों विभाजित कर रहे हैं? राज्य बहुजन समाज (जनता) का है. राज्य छत्रपति शिवाजी महाराज, शाहू-फुले-आंबेडकर और मराठी मानुषों को एकजुट करने वाले बालासाहेब ठाकरे का है.'' यह भी पढ़ें : अलवर में सांप्रदायिक हिंसा, मंदिर तोड़े जाने के खिलाफ बीजेपी ने की ‘हुंकार रैली’
उन्होंने कहा कि अगर आप ब्राह्मण मुख्यमंत्री चाहते हैं, तो राज्य के लोगों को फैसला करने दें और यह बात शिवसेना ही तय करेगी कि राज्य का मुख्यमंत्री कौन बनेगा. राज ठाकरे का नाम लिए बिना राउत ने कहा कि लाउडस्पीकरों के मुद्दे पर राजनीति चल रही है और बाल ठाकरे की कुछ पुराने वीडियो मस्जिदों के ऊपर लाउडस्पीकर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए साझा किए जा रहे हैं. उन्होंने कहा, ''जिन लोगों ने उनकी पीठ में छुरा घोंपा था, वे अब हमें उनके विचारों और विचारधारा के बारे में बता रहे हैं.''
(The above story first appeared on LatestLY on May 06, 2022 01:26 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

