जरुरी जानकारी | जांच बैठने पर ब्रिटिश प्रधानमंत्री ने पत्नी अक्षता के शेयरों के बारे में दी जानकारी

लंदन, 19 अप्रैल ब्रिटेन के मंत्रिमंडल कार्यालय ने बुधवार को प्रधानमंत्री ऋषि सुनक के मंत्रिस्तरीय हितों का विवरण जारी किया जिसमें उनकी पत्नी अक्षता मूर्ति की एक चाइल्डकेयर एजेंसी में हिस्सेदारी का खुलासा किया गया है।

इस एजेंसी को पिछले महीने बजट में घोषित एक नीति से लाभ मिल सकता है।

इस सूची का प्रकाशन पिछले हफ्ते ब्रिटेन के संसदीय आयुक्त की तरफ से निगरानी जांच शुरू किए जाने के बाद हुआ है। इस संसदीय जांच से यह तय किया जाएगा कि सुनक ने आचार संहिता के तहत निर्धारित दायित्वों का 'खुलकर एवं स्पष्ट रूप से' पालन किया है या नहीं।

ऑनलाइन प्रकाशित 'मंत्रियों के हितों की सूची' से सुनक ने अपनी पत्नी के हितों के बारे में ब्योरा मिलता है। इसके मुताबिक, “प्रधानमंत्री की पत्नी एक उद्यम पूंजी निवेशक हैं। उनके पास उद्यम पूंजी निवेश फर्म कैटमरान वेंचर्स यूके लिमिटेड का स्वामित्व है और कई अन्य कंपनियों में भी उनकी शेयरधारिता है।"

इसके मुताबिक, प्रधानमंत्री ने चार अप्रैल, 2023 को संसद की संपर्क समिति के प्रमुख को लिखे अपने पत्र में भी अक्षता मूर्ति की कोरु किड्स में अल्पांश हिस्सेदारी की जानकारी दी थी।

डाउनिंग स्ट्रीट के सूत्रों ने कहा कि संसदीय निगरानी जांच कोरू किड्स लिमिटेड में अक्षता के हितों से जुड़ी हुई है। ऐसा माना जा रहा है कि पिछले महीने पेश बजट में घोषित एक नई पायलट योजना से इस कंपनी को लाभ हो सकता है।

दिग्गज आईटी कंपनी इंफोसिस के सह-संस्थापक नारायण मूर्ति की बेटी अक्षता मूर्ति कोरू किड्स के शेयरधारक के तौर पर पंजीकृत हैं। विपक्ष पिछले महीने इस तथ्य को सामने लेकर आया था और इस बारे में प्रधानमंत्री से सफाई मांगी गई थी।

प्रेम

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)