भुवनेश्वर, 21 अप्रैल प्रख्यात अर्थशास्त्री और बीजू जनता दल (बीजद) के वरिष्ठ नेता त्रिलोचन कानूनगो का शुक्रवार को उम्र संबंधी बीमारियों के कारण निधन हो गया। उनके परिवार ने यह जानकारी दी।
वह 82 वर्ष के थे और उनके परिवार में पत्नी, बेटा और तीन बेटियां हैं।
तीन बार के विधायक और एक बार सांसद रहे कानूनगो का 30 मार्च से यहां एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था।
उनके छोटे भाई पंचानन कानूनगो कांग्रेस नेता हैं।
त्रिलोचन कानूनगो कटक नगरपालिका और राज्य वित्त आयोग के पूर्व अध्यक्ष थे।
कटक जिले के बदामुलेई गांव में 24 नवंबर 1940 को जन्मे कानूनगो पिछले कुछ वर्ष से कटक शहर के शेख बाजार इलाके में रह रहे थे।
मुख्यमंत्री नवीन पटनायक, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और अन्य ने कानूनगो के निधन पर शोक जताया है।
पटनायक ने कहा कि कानूनगो का अंतिम संस्कार शुक्रवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया, ‘‘मुझे वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद त्रिलोचन कानूनगो के निधन के बारे में जानकर दुख हुआ। जन सेवा में उनके काम को हमेशा याद किया जाएगा। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें। शोक संतप्त परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY