देश की खबरें | ओडिशा के मुख्यमंत्री की बहन गीता मेहता का दिल्ली में अंतिम संस्कार

भुवनेश्वर, 18 सितंबर ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की बड़ी बहन गीता मेहता (80) का सोमवार को लोधी रोड श्मशान घाट में अंतिम संस्कार किया गया। नवीन निवास के सूत्रों ने यह जानकारी दी।

गीता के बेटे आदित्य सिंह मेहता ने पटनायक की मौजूदगी में चिता को मुखाग्नि दी।

इस दौरान नवीन पटनायक के भाई प्रेम पटनायक और अन्य संबंधी मौजूद रहे। सांसदों और विधायकों समेत ओडिशा के कई नेता भी श्मशान घाट में मौजूद थे।

अब्दुल कलाम रोड पर स्थित पटनायक के आवास पर अनेक लोग गीता को श्रद्धांजलि देने पहुंचे। बीजू जनता दल (बीजद) के वरिष्ठ नेता व पटनायक के पारिवारिक मित्र ए.यू. सिंहदेव तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयंत पांडा ने भी श्मशान में उन्हें श्रद्धांजलि दी।

आयु संबंधी समस्याओं के चलते शनिवार को गीता का निधन हो गया था। उनके दो बेटे हैं। उनके पति सोनी मेहता का पहले ही निधन हो चुका है। 1943 में जन्मीं गीता ने भारत में और ब्रिटेन के कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय में पढ़ाई की थी। गीता ने कई पुस्तकें लिखीं, जिनमें ‘कर्म कोला’, ‘स्नेक एंड लेडर्स’, ‘ए रिवर सूत्र’, राज और ‘द इटरनल गणेश’ शामिल हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, ओडिशा के राज्यपाल गणेशी लाल और कई हस्तियों ने गीता मेहता के निधन पर शोक जताया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)