देश की खबरें | एनएसए अजित डोभाल ने ओमान के नेताओं से मुलाकात कर द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा की

नयी दिल्ली, 26 जून राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजित डोभाल ने सोमवार को मस्कट में ओमान के शीर्ष नेता सुल्तान हैसम बिन तारिक से मुलाकात की और उन्हें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का एक लिखित संदेश सौंपा, जिसमें दोनों देशों के बीच संबंधों के विभिन्न पहलुओं का उल्लेख किया गया है।

ओमान समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार डोभाल ने प्रौद्योगिकी, सैन्य मामलों और खनन के क्षेत्र में संभावित द्विपक्षीय सहयोग पर ओमान के विदेश मंत्री सैय्यद बद्र हमद अल बुसैदी के साथ भी बातचीत की।

सैय्यद बद्र ने जी20 बैठकों की सफलतापूर्वक मेजबानी के लिए ओमान सरकार की ओर से भारत को बधाई दी।

समाचार एजेंसी के मुताबिक, डोभाल ने अल बराका पैलेस में सुल्तान हैसम से मुलाकात की और उन्हें मोदी का संदेश सौंपा।

एजेंसी ने कहा कि सुल्तान हैसम और डोभाल ने द्विपक्षीय संबंधों पर विस्तृत चर्चा की और साझा हित के विभिन्न मुद्दों पर विचार प्रकट किए।

डोभाल ने सुल्तान को प्रधानमंत्री की ओर से शुभकामनाएं दीं और ओमान की प्रगति और समृद्धि की कामना की। सुल्तान हैसम ने बधाई और शुभकामनाओं का जवाब दिया।

ओमान के विदेश मंत्री के साथ एनएसए की बातचीत में निवेश समेत द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)