जरुरी जानकारी | एनपीसीआई ने आवर्ती भुगतान के लिये पेश की यूपीआई स्वत: भुगतान सुविधा

नयी दिल्ली, 22 जुलाई भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (एनपीसीआई) ने आवर्ती भुगतानों के लिये बुधवार को यूपीआई स्वत: भुगतान सुविधा की शुरुआत की।

एनपीसीआई ने एक बयान में कहा कि यूपीआई 2.0 के तहत इस नयी सुविधा की शुरुआत की गयी है। इसके तहत उपभोक्ता मोबाइल बिल, बिजली बिल, ईएमआई भुगतान, एंटरटेनमेंट / ओटीटी सब्सक्रिप्शन, बीमा, म्यूचुअल फंड, कर्ज भुगतान, आवागमन अथवा मेट्रो का भुगतान जैसे आवर्ती भुगतान किसी भी यूपीआई ऐप के जरिये कर सकेंगे।

यह भी पढ़े | कोरोना की चपेट में उत्तर प्रदेश, ठीक होने वाले पीड़ितों के डिस्चार्ज को लेकर सरकार की तरफ से जारी हुई नही घोषणा.

एनपीसीआई ने कहा कि इस नयी सुविधा के तहत दो हजार रुपये तक के भुगतान के लिये पिन की जरूरत नहीं होगी, लेकिन इससे ऊपर की राशि के भुगतान के लिये हर बार पिन की आवश्यकता होगी।

एनपीसीआई ने कहा कि हरेक यूपीआई ऐप में अब एक मैंडेट खंड होगा, जहां जाकर उपभोक्ता किसी आवर्ती भुगतान की मंजूरी दे सकेंगे या उसे रोकने समेत अन्य बदलाव कर सकेंगे। आवर्ती भुगतान एकल, दैनिक, साप्ताहिक, अर्द्धमासिक, मासिक, द्वैमासिक, तिमाही, अर्द्धवार्षिक, वार्षिक आदि जैसे अंतराल के आधार पर करने की सुविधा दी जायेगी।

यह भी पढ़े | 7th Pay Commission: सरकारी कर्मचारियों के लिए खुशखबरी, मोदी सरकार ने नाइट ड्यूटी अलाउंस के नियमों में किया बदलाव.

निगम ने कहा कि इससे उपभोक्ता और व्यवसायी दोनों को फायदा होगा।

एक्सिस बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, एचडीएफसी बैंक, एचएसबीसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, आईडीएफसी बैंक, इंडसइंड बैंक, पेटीएम पेमेंट्स बैंक, ऑटोपे-दिल्ली मेट्रो, ऑटोपे- डिश टीवी, पॉलिसी बाजार, दी हिंदू, टाइम्स प्राइम, पेटीएम, पेयू, रेजरपे जैसे कई बैंक व व्यवसाय इस सुविधा को पहले ही शुरू कर चुके हैं। जियो पेंमेंट्स बैंक, भारतीय स्टेट बैंक और यस बैंक जल्द ही इसे शुरू करने वाले हैं।

भारतीय स्टेट बैंक के चेयरमैन रजनीश कुमार ने कहा, "हमारा मानना है कि इस अनूठी सुविधा से ग्राहकों को अपने आवर्ती बिल भुगतान को सुव्यवस्थित करने और बार-बार वैसे बिलों के भुगतान से छुटकारा पाने में मदद मिलेगी।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)