गुवाहाटी, 18 जुलाई असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बृहस्पतिवार को कहा कि उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में चंडीगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस के पटरी से उतरने की घटना में अभी तक राज्य के किसी भी व्यक्ति के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है।
अधिकारियों ने बताया कि उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में बृहस्पतिवार को चंडीगढ़ से डिब्रूगढ़ जा रही एक ट्रेन के आठ डिब्बे मोतीगंज तथा झिलाही रेलवे स्टेशनों के बीच पटरी से उतर गये। इस घटना में चार लोगों की मौत हो गयी तथा 20 अन्य घायल हो गये।
शर्मा ने कहा कि घटनास्थल पर राहत एवं बचाव के लिए टीम मौजूद है और वह स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहे हैं।
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) ने एक बुलेटिन में बताया कि घटनास्थल पर फंसे हुए यात्रियों को डिब्रूगढ़ पहुंचाने के लिए एक विशेष ट्रेन की व्यवस्था की गई है, जबकि दुर्घटना के बारे में किसी भी जानकारी के लिए सहायता के लिये हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं।
शर्मा ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''आज उत्तर प्रदेश में चंडीगढ़-डिब्रूगढ़ रेल दुर्घटना के बारे में जानकर स्तब्ध हूं। मैं स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहा हूं।''
उन्होंने कहा, ''हम सभी की सुरक्षा और सकुशलता सुनिश्चित करने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास करेंगे।''
एनएफआर के बुलेटिन में बताया गया कि घटनास्थल पर फंसे यात्रियों को बस से गोंडा के निकट मनकापुर स्टेशन लाया गया है।
इसमें कहा गया, ''यात्रियों के लिए मनकापुर से डिब्रूगढ़ तक एक विशेष ट्रेन की व्यवस्था की गई है।''
बुलेटिन में बताया गया कि दुर्घटना के मद्देनजर पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे की तीन ट्रेनों के मार्ग में परिवर्तन किया गया है।
इसमें बताया गया कि ट्रेन संख्या-15707 कटिहार-अमृतसर एक्सप्रेस, 15603 जम्मूतवी अमरनाथ एक्सप्रेस और 15910 लालगढ़-डिब्रूगढ़ अवध असम एक्सप्रेस के मार्ग में परिवर्तन किया गया है।
बुलेटिन में बताया गया कि जनता को सूचना उपलब्ध कराने के लिए कई रेलवे स्टेशनों पर हेल्पलाइन नंबर भी सक्रिय है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY