देश की खबरें | एनआईए ने आतंकी साजिश मामले में पाकिस्तानी आका सहित तीन लोगों के खिलाफ आरोपपत्र दायर किया

नयी दिल्ली, 15 अप्रैल राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने मंगलवार को जम्मू-कश्मीर के पुंछ क्षेत्र में हथियार और गोला-बारूद जब्त करने से जुड़े आतंकी साजिश के मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि जिन तीन आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दायर किया गया है, उनमें एक पाकिस्तान में रह रहा आतंकियों का आका भी शामिल है।

जम्मू में एनआईए की एक विशेष अदालत के समक्ष दायर आरोपपत्र में अब्दुल अजीज, मुनव्वर हुसैन और नजीर हुसैन उर्फ ​​नजीर अहमद उर्फ ​​शाहीन को मामले में आरोपी बनाया गया है।

जांच एजेंसी की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक, नजीर हुसैन वर्तमान में पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में सक्रिय है और प्रतिबंधित जम्मू-कश्मीर गजनवी फोर्स (जेकेजीएफ) आतंकवादी संगठन से जुड़ा है।

एनआईए की जांच के अनुसार, नजीर, कश्मीर के कमजोर लोगों को हिंसा के कृत्यों में शामिल होने के लिए प्रेरित करने में शामिल था, जो क्षेत्र में आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए विभिन्न प्रतिबंधित संगठनों और उनके सहयोगियों द्वारा रची गई बड़ी साजिश का हिस्सा था।

एनआईए ने बताया कि नजीर स्थानीय आतंकी संगठनों के समर्थकों के साथ भड़काऊ ऑडियो क्लिप और वीडियो साझा करता था, जिससे उन्हें (कमजोर तबके के युवाओं को) ‘जिहाद’ करने और भारत के खिलाफ युद्ध छेड़ने के लिए उकसाया जाता था।

जांच एजेंसी के मुताबिक, नजीर ने आतंक फैलाने की कोशिश कर रहे आतंकवादी संगठनों के हिंसक एजेंडे को अंजाम देने के लिए उन्हें (युवाओं को) हथियार, गोला-बारूद और हथगोले आदि भी मुहैया कराए।

बयान के अनुसार, एनआईए ने अक्टूबर 2024 की पुलिस प्राथमिकी के आधार पर मामला दर्ज किया था।

प्राथमिकी, पुंछ के सुरनकोट में एक पुलिस दल द्वारा अब्दुल अजीज की गिरफ्तारी और उसके बैग से दो हथगोले जब्त करने पर आधारित थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)