देश की खबरें | एनडीआरएफ बचाव अभियान के दौरान कर्मियों को पीपीई किट, एचसीक्यू दवा मुहैया कराएगा
जियो

नयी दिल्ली, नौ जून राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) ने कोविड-19 महामारी के समय किसी भी बचाव अभियान में शामिल होने वाले अपने प्रत्येक कर्मियों को पांच पीपीई का एक सेट देने का फैसला किया है ।

चक्रवात ‘अम्फान’ के बचाव अभियान के दौरान 51 जवानों के संक्रमित पाए जाने के बाद यह कदम उठाया गया है ।

यह भी पढ़े | बिहार में लालू यादव का 11 जून को जन्मदिन 'गरीब सम्मान दिवस' के रूप में मनेगा, 72 हजार से ज्यादा गरीबों को कराया जाएगा भोजन.

एनडीआरएफ के महानिदेशक (डीजी) एस एन प्रधान ने कहा कि बल को बाढ़ और अन्य प्राकृतिक आपदा के समय कोरोना वायरस और अन्य कठिनाइयों से अपने बचावकर्मियों को बचाने के लिए पीपीई किट मिले हैं ।

अधिकारियों ने बताया कि पश्चिम बंगाल में ‘अम्फान’ चक्रवात के दौरान काम करने वाले एनडीआरएफ के 51 कर्मी संक्रमित हो चुके हैं ।

यह भी पढ़े | कोरोना के असम में 102 मरीज पाए गए: 9 जून 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

कुछ समय पहले मुंडाली में तीसरी बटालियन के अपने केंद्र में लौटने के बाद कटक में उनकी जांच हुई ।

अधिकारियों ने बताया कि ज्यादातर जवानों में संक्रमण के लक्षण नहीं मिले । अधिकतर जांच हो चुकी है ।

एनडीआरएफ ने पश्चिम बंगाल में चक्रवात के समय 19 टीमें तैनात की थी। हर टीम में करीब 45 कर्मी होते हैं ।

नवीनतम आंकड़ों के मुताबिक एनडीआरएफ में संक्रमण के 74 मामले हैं ।

बल ने आपदा के दौरान बचाव और राहत के लिए नयी मानक संचालन प्रक्रिया को तैयार किया है। इसके तहत विभिन्न किस्म के पीपीई का इस्तेमाल और आयुष मंत्रालय तथा भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के सुझावों पर अमल करना और खास मामलों में हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन (एचसीक्यू) दवा लिया जाना शामिल है ।

प्रधान ने पीटीआई- को बताया, ‘‘हरेक जवान को अभियान के दौरान इस्तेमाल के लिए पांच पीपीई किट दिए जाएंगे।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)