एजेंसी न्यूज

खत्म हो सकती है यूक्रेन के साथ रूस की जंग: पुतिन

मॉस्को की सालाना विक्ट्री परेड के बाद रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने इशारा किया है कि शायद यूक्रेन के साथ चल रहा युद्ध अब अपने खात्मे की ओर है.

खत्म हो सकती है यूक्रेन के साथ रूस की जंग: पुतिन
प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credit: Image File)

मॉस्को की सालाना विक्ट्री परेड के बाद रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने इशारा किया है कि शायद यूक्रेन के साथ चल रहा युद्ध अब अपने खात्मे की ओर है.रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बीती 9 मई को कहा है कि उन्हें लगता है कि यूक्रेन के साथ जारी रूस की जंग खत्म होने की ओर है. पुतिन की यह टिप्पणी उनके उस बयान के कुछ ही घंटों बाद आई जिसमें उन्होंने मॉस्को की 'विक्ट्री डे' परेड में इस युद्ध में जीत का संकल्प लिया था.

पुतिन ने मीडिया से बातचीत के दौरान रूस-यूक्रेन युद्ध के बारे में कहा, "मुझे लगता है कि मामला अपने खात्मे की ओर बढ़ रहा है." उन्होंने यह भी कहा कि वह यूरोप के लिए नई सुरक्षा व्यवस्थाओं पर बातचीत करने के इच्छुक होंगे, और उनके पसंदीदा बातचीत भागीदार जर्मनी के पूर्व चांसलर गेरहार्ड श्रोएडर होंगे.

लेकिन उन्होंने ये भी जोड़ा कि यूक्रेन युद्ध अभी भी एक गंभीर मुद्दा है. साथ ही कहा कि यूक्रेन ने महीनों इंतजार किया कि रूस की हार हो, उसके राज्य का दर्जा खत्म हो जाए लेकिन ऐसा हुआ नहीं. अब यूक्रेन इस भंवर में फंसा हुआ हैं और इससे निकल नहीं पा रहा है. पुतिन ने इस ओर इशारा भी किया कि वे यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की से मिलने को भी तैयार हैं. उन्होंने कहा कि वे किसी तीसरे देश में जेलेंस्की से मिल सकते हैं, जब एक बार शांति वार्ता की सारी शर्तें पूरी हो जाएं.

नाजी जर्मनी पर सोवियत की जीत को याद करने के लिए हर साल होने वाली परेड के बाद पुतिन के ये बयान सामने आए हैं. उन्होंने कहा कि पश्चिमी देशों के नेताओं को दोषी ठहराते हुए कहा कि उन्होंने वादा किया था कि 1989 में बर्लिन की दीवार गिरने के बाद नाटो का पूर्व की ओर विस्तार नहीं करेगा, लेकिन फिर यूक्रेन को यूरोपीय संघ के प्रभाव में लाने की कोशिश की.

क्या आगे बढ़ेगा रूस और यूक्रेन का सीजफायर?

रूस और यूक्रेन के बीच फिलहाल तीन दिनों का सीजफायर चल रहा है जो आने वाले सोमवार को खत्म हो जाएगा. रूस और यूक्रेन के हाल के दिनों में घोषित एकतरफा युद्धविराम के उल्लंघन के आरोपों के बाद, अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने शनिवार से सोमवार तक के युद्धविराम की घोषणा की, जिसे क्रेमलिन और कीव ने समर्थन दिया. दोनों पक्ष 1,000 कैदियों की अदला-बदली पर भी सहमत हुए.

ट्रंप ने वाशिंगटन में मीडिया से कहा था, "मैं इसे रुकते हुए देखना चाहता हूं. रूस-यूक्रेन युद्ध जीवन के नुकसान के मामले में यह दूसरे विश्व युद्ध के बाद सबसे खराब चीज है. हर महीने पच्चीस हजार युवा सैनिक. यह पागलपन है." उन्होंने आगे कहा था कि वह इस युद्धविराम का बड़ा विस्तार देखना चाहेंगे.

अब तक इस युद्धविराम के दौरान मॉस्को या कीव की ओर से इसके उल्लंघन की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है. हालांकि, क्रेमलिन ने कहा है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के प्रशासन की मध्यस्थता के जरिए की गई शांति वार्ता अभी रुकी हुई है. पुतिन यूक्रेन युद्ध को लेकर मास्को में चिंता की लहर का सामना कर रहे हैं, जिसमें लाखों लोग मारे गए हैं, यूक्रेन का बड़ा हिस्सा खंडहर बन गया है और रूस की 3 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था प्रभावित हुई है.

इसके साथ ही रूस के यूरोप के साथ संबंध शीत युद्ध के चरम दौर के बाद से सबसे खराब स्थिति में हैं. रूसी सेना अब तक पूर्वी यूक्रेन के पूरे डोनबास क्षेत्र पर कब्जा करने में असमर्थ रही है, जहां यूक्रेन की सेनाओं को किलेबंद शहरों की एक रेखा तक पीछे धकेल दिया गया है. रूसी सैनिक चार साल से अधिक समय से यूक्रेन में लड़ रहे हैं. दूसरे विश्व युद्ध में लड़े गए समय से भी अधिक है.

(The above story first appeared on LatestLY on May 10, 2026 04:00 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).