देश की खबरें | एनसीडब्ल्यू ने उप्र पुलिस से पत्नी की पिटाई करने वाले व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा

नयी दिल्ली, 21 मार्च राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने उत्तर प्रदेश पुलिस से उस व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा है जिसने राज्य के विधानसभा चुनाव में उसकी पसंद की राजनीतिक पार्टी को वोट नहीं देने को लेकर अपनी पत्नी की कथित तौर पर पिटाई की और उसे घर से बाहर निकाल दिया।

राष्ट्रीय महिला आयोग ने इस व्यक्ति के खिलाफ आरोप सही पाए जाने की स्थिति में, उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।

आयोग ने एक बयान में कहा कि ऐसी कई खबरें सामने आई हैं जिनमें कहा गया है कि उत्तर प्रदेश के बरेली में एक मुस्लिम महिला की उसके पति ने इसलिए पिटाई की और घर से निकाल दिया क्योंकि उसने हाल में हुए विधानसभा चुनाव में पति की पसंद की राजनीतिक पार्टी को वोट नहीं दिया था।

महिला के पति ने उसे तलाक देने की कथित तौर पर धमकी दी थी।

आयोग ने कहा कि मामले का संज्ञान लेते हुए एनसीडब्ल्यू की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक को पत्र लिख कर महिला के पति और ससुराल वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा है।

उत्तर प्रदेश में सात चरणों में विधानसभा चुनाव हुए थे और परिणामों की घोषणा 10 मार्च को की गई थी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्य में ऐतिहासिक जीत के साथ सत्ता में वापसी की है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)