नयी दिल्ली, 20 अप्रैल मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने कहा है कि बड़े विपक्षी दलों का राष्ट्रीय स्तर पर गठबंधन संभव नहीं है, लेकिन महत्वपूर्ण मुद्दों पर एक साझा रुख अपनाकर तालमेल बनाया जा सकता है।
वामपंथी दल के मुखपत्र ‘पीपुल्स डेमोक्रेसी’ के संपादकीय में कहा गया है कि विपक्ष की ओर से राष्ट्रीय स्तर पर किसी एक चेहरे की तलाश करना निर्थरक प्रयास हो सकता है।
उसका यह भी कहना है कि किसी भी राज्य में क्षेत्रीय और राष्ट्रीय पार्टी में से जो भी मजबूत हो, तालमेल को लेकर उसकी ओर से शर्तें निर्धारित की जाएं।
माकपा ने कहा कि ऐसा करने से यह स्थिति सुनिश्चित हो सकती है कि हर जगह भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ कोई एक विपक्षी दल ही चुनावी मैदान में हो।
उसने कहा, ‘‘बड़े राष्ट्रीय और राजनीतिक मुद्दों पर साझा रुख अपनाकर ही विपक्षी एकता को अमल में लाया जा सकता है।’’
माकपा का कहना है कि यह स्पष्ट होना चाहिए कि प्रमुख विपक्षी दलों का राष्ट्रीय स्तर पर कोई गठबंधन या मोर्चा संभव नहीं है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY