चंडीगढ़, 29 सितंबर राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग (एनसीएम) हरियाणा में अल्पसंख्यक आयोग के गठन के लिए राज्य की सरकार को पत्र लिखेगा। एनसीएम की सदस्य सैयद शहजादी ने बृहस्पतिवार को यहां यह जानकारी दी।
शहजादी ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, “हम राज्य अल्पसंख्यक आयोग के गठन को लेकर हरियाणा सरकार को पत्र लिखेंगे।”
उन्होंने कहा कि यहां आध्यात्मिक नेताओं के समूह के साथ हुई बैठक के दौरान राज्य आयोग गठित करने से संबंधित मुद्दे पर चर्चा की गई।
उन्होंने कहा, “आध्यात्मिक नेताओं के साथ हुई बैठक के दौरान, उन्होंने कहा कि यदि ऐसा एक आयोग गठित किया जाता है, तो उसमें सभी अल्पसंख्यक समुदायों को प्रतिनिधित्व दिया जा सकता है।”
शहजादी ने कहा कि 2011 की जनगणना के अनुसार हरियाणा में अल्पसंख्यकों की आबादी 35 लाख है।
उन्होंने प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम (पीएमजेवीके) का उल्लेख किया, जिसमें अल्पसंख्यक समुदायों को विशेष रूप से शिक्षा, स्वास्थ्य और कौशल विकास के क्षेत्र में बेहतर सामाजिक-आर्थिक बुनियादी ढांचा सुविधाएं प्रदान करने की बात कही गई है।
उन्होंने कहा कि सिरसा, नूंह, मेवात, पलवल, यमुनानगर जैसे सात अल्पसंख्यक बहुल क्षेत्रों में पीएमजेवीके के तहत विभिन्न परियोजनाएं चल रही हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY