देश की खबरें | नगालैंड विधानसभा उपचुनावों में 87.1 फीसदी मतदान हुआ
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

कोहिमा, तीन नवंबर नगालैंड में विधानसभा की दो सीटों पर मंगलवार को हुए उपचुनाव में दोपहर तीन बजे तक 43,242 मतदाताओं में से करीब 87.1 प्रतिशत ने वोट डाला। मुख्य निर्वाचन अधिकारी अभिजीत सिन्हा ने कहा कि भारी सुरक्षा और कोविड-19 प्रोटोकॉल के सख्ती से पालन के बीच मतदान हुआ।

सिन्हा ने संवाददाताओं को बताया कि कोहिमा जिले की सदर्न अंगामी-1 सीट के 22 मतदान केंद्रों पर 84.41 प्रतिशत मतदान हुआ जबकि किफिरे जिले की पुंगरो किफिरे सीट के 77 मतदान केंद्रों पर 89.8 फीसदी लोगों ने मतदान किया। दोनों सीटों पर सुबह छह बजे मतदान शुरू हुआ था।

यह भी पढ़े | कोरोना के दिल्ली में आज 6725 नए केस, 48 की मौत: 3 नवंबर 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

उन्होंने बताया कि दोनों जगहों से किसी तरह की अप्रिय घटना की खबर नहीं है। इन दो सीटों से कुल आठ उम्मीदवार अपना भाग्य आज़मा रहे हैं।

सिन्हा ने बताया कि सुचारू रूप से उपचुनाव कराने के लिए पर्याप्त संख्या में सुरक्षा कर्मी तैनात किए गए हैं और कोविड-19 सुरक्षा उपायों का पालन किया जा रहा है।

यह भी पढ़े | Delhi: डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने बच्चों और टीचर्स के साथ कोडिंग प्रोग्राम की समीक्षा की, कहा- हमारा सपना है कि स्टूडेंट्स गूगल जैसी कंपनियां बनाएं.

सदर्न अंगामी-1 सीट से तत्कालीन विधानसभा अध्यक्ष विखो-ओ यहोशु विधायक थे, जबकि पुंगरो किफिरे सीट का प्रतिनिधित्व नगा पीपल्स फ्रंट के टी तोरेचु कर रहे थे। दोनों के निधन की वजह से इन सीटों पर उपचुनाव हो रहा है।

सिन्हा ने बताया कि सदर्न अंगामी-1 सीट पर कुल 13,641 मतदाता और 22 मतदान केंद्र हैं जबकि पुंगरो किफिरे सीट पर 29,601 मतदाता पंजीकृत हैं जिन्होंने 77 मतदान केंद्रों पर वोट डाले।

सीईओ ने कहा कि स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित कराने के लिए सभी मतदान केंद्रों की वीडियो रिकॉर्डिंग हो रही है और इंटरनेट पर प्रसारण किया जा रहा है।

अधिकारियों ने बताया कि मतदाताओं की थर्मल जांच, उन्हें मास्क, सैनेटाइजर और दस्ताने मुहैया कराने जैसै उपाय किए गए थे। एक-दूसरे से दूरी बनाए रखना भी सुनिश्चित किया गया है।

दक्षिणी अंगामी-1 सीट से सत्तारूढ नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी (एनडीपीपी) के उम्मीदवार मेडो यहोखा, विपक्षी एनपीएफ के किकोवि किरहा तथा निर्दलीय प्रत्याशी एस पीटर जशुमो मैदान में हैं।

वहीं पुंगरो किफिरे सीट से पांच उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं, जिनमें कांग्रेस के खासेओ अनर, भाजपा के लिरिमोंग संगतम और निर्दलीय के शेल्लुमथोंग, टी यांगसेओ संगतम और के यिमचुंगर शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि दिन भर मतदान शांतिपूर्ण चला लेकिन सत्तारूढ़ नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी (एनडीपीपी) और विपक्षी नगा पीपुल्स फ्रंट (एनपीएफ) ने एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए।

मतगणना दस नवम्बर को होगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)