गुना (मध्य प्रदेश), 14 अक्टूबर जिले के एक गांव के लोगों ने 13 साल की बच्ची का कथित रूप से अपहरण का प्रयास कर रहे युवक-युवती को शुक्रवार को खंभे से बांध कर पीटा। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि घटना आज सुबह बीनागंज इलाके के चांचौड़ा की है।
उन्होंने बताया कि लहरचा गांव निवासी 13 साल की छात्रा सुबह 6 बजे पैदल कोचिंग जा रही थी, उसी दौरान बीनागंज रोड पर आरोपियों ने उसका अपहरण करने का प्रयास किया। हालांकि छात्रा उनके चंगुल से निकल भागी।
अधिकारी ने बताया कि छात्रा ने घर पहुंचकर अपने पिता को घटना के बारे में बताया और बाइक से उसे कोचिंग छोड़ने को कहा। उन्होंने बताया कि रास्ते में छात्रा ने उसके अपहरण का प्रयास करने वाले युवक-युवती को देखा और अपने पिता को यह बात बतायी।
उन्होंने बताया कि छात्रा के पिता ने अन्य लोगों की मदद से युवक-युवती को पकड़ लिया और दोनों को खंभे में बांधकर उनकी पिटाई की और बाद में उन्हें पुलिस को सौंप दिया।
वहीं, इस घटना से नाराज कुछ लोगों पे राष्ट्रीय राजमार्ग-46 पर जाम लगा दिया।
चांचौड़ा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) दिव्या राजावत ने बताया कि पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाया।
उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)










QuickLY