भोपाल, एक मार्च मध्य प्रदेश ने पिछले तीन साल में निजी विमान कंपनियों को उनके विमान और हेलीकॉप्टर किराए पर लेने के लिए करीब 37 करोड़ रुपये का भुगतान किया है।
यह जानकारी कांग्रेस विधायक मेवाराम जाटव द्वारा विधानसभा में पूछे गए एक प्रश्न के लिखित उत्तर में दी गई।
जाटव ने एक अप्रैल, 2020 से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, राज्य के मंत्रियों और अधिकारियों द्वारा की गई हवाई यात्राओं की संख्या और निजी विमानन कंपनियों को उनके विमानों और हेलीकॉप्टरों को किराए पर लेने के लिए भुगतान की गई राशि के बारे में सवाल किया था।
लिखित उत्तर में चौहान ने कहा कि जब सरकार के स्वामित्व वाले विमान मंत्रियों या वरिष्ठ अधिकारियों को ले जाने के लिए उपलब्ध नहीं होते हैं तो निजी विमान या हेलीकॉप्टर किराए पर लिए जाते हैं।
उत्तर में बताया गया कि संबंधित अवधि के दौरान, सरकारी विमानों और हेलीकॉप्टरों का क्रमशः 94 और 982 बार उपयोग किया गया।
जवाब में कहा गया कि निजी विमानों और हेलीकॉप्टरों को किराए पर लेने के लिए पांच विमानन कंपनियों को 36.96 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया। कुल मिलाकर, पिछले तीन वर्षों में निजी और सरकारी दोनों विमानों और हेलीकॉप्टरों का उपयोग करके की गईं 1,395 यात्राओं पर 39.35 करोड़ रुपये खर्च किए गए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY