चंडीगढ़, 24 अप्रैल हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने सोमवार को कहा कि राज्य में 54 लाख टन से अधिक गेहूं की खरीद की जा चुकी है और 5,800 करोड़ रुपये का भुगतान किसानों को उनके बैंक खातों में सीधे किया जा चुका है।
चौटाला ने कहा कि प्रदेश में एक अप्रैल से गेहूं की खरीद शुरू हो गई है।
एक सरकारी बयान में उनके हवाले से कहा गया, ‘‘अब तक 54 लाख टन (गेहूं) की खरीद की जा चुकी है।’’
उन्होंने दावा किया कि ‘मंडियों’ से उठान में तेजी आई है और एक भी किसान को खरीद केंद्रों में फसल बेचने में किसी तरह की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा है।
चौटाला ने कहा कि किसानों की फसल मंडियों में आते ही खरीदी की जा रही है।
रविवार को भाजपा-जजपा सरकार पर निशाना साधते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा था कि किसानों की फसल की खरीद के 72 घंटे के भीतर भुगतान का सरकार का दावा पूरी तरह निराधार साबित हो रहा है।
कांग्रेस नेता ने कहा था, ‘‘उठाव इसलिए नहीं हो रही है क्योंकि सरकार ने समय पर ट्रांसपोर्ट के टेंडर नहीं दिए।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY