देश की खबरें | कार में मृत मिला मोहाली का व्यक्ति, आत्महत्या की आशंका

चंडीगढ़, आठ जून मोहाली में एक कार में एक व्यक्ति का शव मिला जिस पर गोली लगने का निशान था। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला लगता है।

मोहाली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विवेक शील सोनी ने कहा, "मृतक के सिर के दाहिनी तरफ गोली लगने का निशान था और जिस पिस्तौल से गोली चलाई गई, वह उसके दाहिने हाथ से बरामद हुई।"

पुलिस ने कहा कि मोहाली के जल वायु विहार निवासी करणपाल शर्मा का शव सुबह करीब छह बजे उनके आवास के पास उनकी कार से बरामद हुआ।

सोनी ने बताया कि मौके पर पहुंचे फॉरेंसिक दल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस को मृतक की दाहिनी जेब से नौ कारतूस भी मिले।

उन्होंने कहा कि मामला आत्महत्या का लगता है और इसकी गहनता से जांच की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि मृतक के पिता सुरिंदर कुमार के बयान पर भारतीय दंड संहिता की धारा 306 (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)