नयी दिल्ली, 19 अक्टूबर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को कांग्रेस का अध्यक्ष निर्वाचित होने पर वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खरगे को बधाई दी और कामना की कि देश की प्रमुख विपक्षी पार्टी के मुखिया के रूप में उनका कार्यकाल सार्थक रहे।
मोदी ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘कांग्रेस अध्यक्ष की नयी भूमिका के लिए मल्लिकार्जुन खरगे जी को मेरी शुभकामनाएं। आगे उनका कार्यकाल सार्थक रहे।’’
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता खरगे बुधवार को पार्टी के नए अध्यक्ष निर्वाचित हुए। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी शशि थरूर को 6,825 मतों के अंतर से पराजित किया।
कांग्रेस के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के प्रमुख मधुसूदन मिस्त्री ने मल्लिकार्जुन खरगे को निर्वाचित घोषित किया।
उन्होंने बताया कि खरगे को 7,897 वोट मिले तथा थरूर को 1,072 वोट हासिल हुए।
चौबीस साल के बाद पहली बार नेहरू-गांधी परिवार से इतर कोई नेता कांग्रेस का अध्यक्ष बना है। खरगे 26 अक्टूबर को औपचारिक तौर पर कांग्रेस अध्यक्ष का पदभार ग्रहण करेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने से पहले वह राज्यसभा में विपक्ष के नेता थे। प्रधानमंत्री मोदी के पहले कार्यकाल के दौरान वह लोकसभा में कांग्रेस के नेता रह चुके हैं।
ब्रजेन्द्र
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY