नयी दिल्ली, 28 अगस्त भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दृढ़ संकल्प के साथ सिख समुदाय के सदस्यों को न्याय दिलाकर उन्हें मुख्यधारा में लाया गया है।
नड्डा यहां एक कार्यक्रम में आउटलुक समूह की कॉफी टेबल बुक 'सिख एंड मोदी: ए जर्नी ऑफ 9 इयर्स' का विमोचन करने के बाद सिख समुदाय के सदस्यों को संबोधित कर रहे थे।
नड्डा ने केंद्र की भाजपा नीत सरकार द्वारा लिए गए विभिन्न फैसलों को रेखांकित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने सिख समुदाय के लिए जो किया है, वह अब तक किसी अन्य नेता ने नहीं किया है।
भाजपा प्रमुख ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, "30 साल तक 1984 के सिख विरोधी दंगों में शामिल लोगों के खिलाफ कोई गिरफ्तारी नहीं हुई और कोई कार्रवाई नहीं हुई। एक राजनीतिक दल से जुड़े लोगों को संरक्षण प्राप्त होता रहा।"
उन्होंने कहा कि हालांकि, मोदी सरकार ने एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया और कार्रवाई की गई।
उन्होंने कहा, "33 साल बाद दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाई गई। दृढ़ संकल्प के साथ मोदी ने सिख समुदाय को न्याय दिलाकर उन्हें मुख्यधारा में लाने का काम किया है।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY