देश की खबरें | मिजोरम में एमएनएफ ने चकमा स्वायत जिला परिषद में बहुमत का दावा किया

आइजोल, 17 मई 'मिजो नेशनल फ्रंट' (एमएनएफ) ने बुधवार को दक्षिण मिजोरम के लॉन्गतलाई जिले में भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के कुल पांच सदस्यों के सत्तारूढ़ दल में शामिल होने के बाद 'चकमा स्वायत्त जिला परिषद' (सीएडीसी) में बहुमत हासिल करने का दावा किया है।

'चकमा स्वायत जिला परिषद' में कुल सदस्यों की संख्या 20 है, तथा बोर्ड के गठन के लिए बहुमत का जादुई आंकड़ा 11 है। भाजपा के तीन सदस्य और कांग्रेस के दो सदस्यों के एमएनएफ में शामिल होने के बाद सत्तारूढ़ दल के कुल सदस्यों की संख्या 15 हो गई है।

एमएनएफ विधायक दल के नेता रसिक मोहन चकमा ने कहा, "पार्टी ने जादुई आंकड़ा हासिल करने से पहले सीएडीसी में बोर्ड गठन का दावा पेश किया क्योंकि वह 10 सदस्यों के साथ परिषद की सबसे बड़ी पार्टी है।"

सीएडीसी के लिए नौ मई को संपन्न हुए चुनावों के बाद कोई भी दल 11 सदस्यों के जादुई आंकड़े को हासिल नहीं कर पाया, सत्ताधारी एमएनएफ ने 19 सीटों में से 10, भाजपा ने पांच और कांग्रेस ने चार सीटों पर जीत दर्ज की।

चकमा ने कहा कि भाजपा के पांच निर्वाचित उम्मीदवारों में से तीन ने पिछले सप्ताह एमएनएफ का दामन थामा जबकि कांग्रेस के दो सदस्य मंगलवार को पार्टी में शामिल हुए।

चार मई को एक झड़प में भाजपा उम्मीदवार की मौत के कारण नौ मई को रंगखश्य सीट पर मतदान नहीं हो सका था जिससे 20 की जगह 19 सीटों पर ही मतदान हुआ।

हालांकि, इस निर्वाचन क्षेत्र के लिए बुधवार को मतदान संपन्न हुआ और शुक्रवार को इसके परिणाम घोषित किए जाएंगे।

मिजोरम में सीएडीसी का गठन चकमा आदिवासियों के लिए 1972 में संविधान की छठी अनुसूची के तहत किया गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)