देश की खबरें | नगा समस्या के शीघ्र समाधान के लिए सभी दलों के विधायक एक साथ आये :रियो

कोहिमा, 16 सितंबर नगालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो ने शनिवार को कहा कि विधानसभा में सभी राजनीतिक दलों के विधायकों का एक साथ आना नगा शांति वार्ता के शीघ्र समाधान के लिए दबाव डालना है।

फरवरी में विधानसभा चुनाव जीतने के बाद सत्तारूढ़ नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी (एनडीपीपी) की पहली आम सभा को संबोधित करते हुए रियो ने कहा कि यह पार्टी का सर्वोच्च एजेंडा है।

नगालैंड में विपक्ष-रहित सरकार बनाने के लिए 2021 में सभी दलों ने हाथ मिलाया था। विधानसभा चुनाव के बाद मार्च 2023 में ऐसा दूसरी बार किया गया।

रियो ने यहां कहा, ‘‘हम सिर्फ नेतृत्व की वजह से नहीं बल्कि मुद्दे की वजह से भी साथ आए हैं। हम शीघ्र समाधान खोजने की दिशा में काम करना जारी रखेंगे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘एक पार्टी के रूप में एनडीपीपी केवल छह साल पुरानी है, लेकिन हमने गठबंधन सहयोगी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के समर्थन से लगातार दो बार राज्य के आम चुनाव जीते हैं। अन्य सभी राजनीतिक दल विपक्ष-विहीन सरकार के लिए आगे आए।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि नगालैंड के पास अपने संसाधन बहुत कम हैं और राज्य सरकार को केंद्र के समर्थन की जरूरत है। उन्होंने कहा कि भले ही केंद्र के साथ गठबंधन हो, राज्य सरकार का ध्यान नगाओं पर केंद्रित है और यही कारण है कि लोग एनडीपीपी का समर्थन कर रहे हैं।

उन्होंने सामूहिक सफलता के लिए धन्यवाद देते हुए कहा, ‘‘हमने जो कुछ भी हासिल किया है, वह पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के समर्पण और प्रतिबद्धता से है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)