आइजोल, सात जून पिछले दो दिनों में विभिन्न त्वरित अभियानों में मिजोरम पुलिस ने भारी मात्रा में हेरोइन एवं अवैध शराब जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, चालबविया जंक्शन खानकावन जांच बिंदु पर बृहस्पतिवार को चंफाई थाने के औचक निरीक्षक के दौरान अधिकारियों ने एक कार को रोका और उसमें छिपाकर रखी गई 1.9 किलोग्राम हेरोइन जब्त की।
पुलिस के अनुसार, 57 लाख रुपये मूल्य की यह हेरोइन साबुन के 156 डिब्बों में रखी गई थी।
इसने कहा कि कार के चालक लालनुनपुइया (42) को गिरफ्तार कर लिया गया जो चंफाई जिले के जोखावथार का रहने वाला है।
वहीं, एक अन्य अभियान में बुधवार को लुंगली जिले में विशेष शाखा ने 3.4 लाख रुपये मूल्य की 116 ग्राम हेरोइन जब्त की तथा फ्रांसिस लालरामथंगा (42) नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया।
इसके अलावा, मिजोरम पुलिस ने बीयर के 66 डिब्बे (1620 कैन) और ‘सोजू’ के 23 डिब्बे (460 बोतल) जब्त कीं जिनकी कीमत 7.39 लाख रुपये की है।
पुलिस के अनुसार, इस सिलसिले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया जो आइजोल के विभिन्न इलाकों के निवासी हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY