देश की खबरें | महादेई नदी विवाद : कार्यकर्ताओं ने गोवा के राज्यपाल से हस्तक्षेप की मांग की

पणजी, आठ फरवरी महादेई नदी को बचाने के लिए काम कर रहे कार्यकर्ताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को गोवा के राज्यपाल पी. एस. श्रीधरन पिल्लई से मुलाकात की और नदी के पाने की दिशा बदलने के मुद्दे पर उनसे हस्तक्षेप की मांग की।

गोवा और पड़ोसी राज्य कर्नाटक के बीच बीते कई वर्षों से नदी के पानी के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है। गोवा ने अक्सर कर्नाटक पर पानी के बंटवारे के समझौते की अनदेखी कर मामले में एकतरफा कार्रवाई करने का आरोप लगाया है।

'सेव महादेई, सेव गोवा फ्रंट' नामक गैर-सरकारी संगठन (एनजीओ) के प्रशांत नाइक ने कहा कि उन्होंने राज्यपाल को बताया कि राज्य सरकार नदी के पानी को कर्नाटक द्वारा मोड़े जाने से बचाने के लिए "पर्याप्त कदम नहीं उठा रही है"।

प्रशांत नाइक ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा इस मुद्दे को लेकर बहुत कुछ किया जा सकता है।

उन्होंने कहा, ‘‘उदाहरण के लिए, कर्नाटक द्वारा प्रस्तुत और केंद्र द्वारा अनुमोदित कलसा-बंदूरी नहर निर्माण की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट को सर्वोच्च न्यायालय में चुनौती दी जानी चाहिए थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।’’

प्रतिनिधिमंडल में शामिल सामाजिक कार्यकर्ता और इतिहासकार प्रजल सखरदांडे ने कहा कि राज्यपाल को गोवा सरकार पर महादेई मुद्दे को गंभीरता से लेने का दबाव बनाना चाहिए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)