सरायकेला (झारखंड), 24 अगस्त झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में एक व्यक्ति ने अपने बेटे की हत्या का बदला लेने के लिए मानसिक रूप से विक्षिप्त एक व्यक्ति की कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने कहा कि लगभग 30 वर्षीय आरोपी बुधराम मुंडा ने हत्या के लिए उसी हथियार का इस्तेमाल किया, जिससे 30 वर्षीय गुरुवा मुंडा ने उसके 13 वर्षीय बेटे चमरू मुंडा की हत्या की थी।
पुलिस के एक बयान में कहा गया है कि किशोर जब कुचाई थाना क्षेत्र के माओवाद प्रभावित गिलुआ गांव में स्थित अपने घर में चचेरे भाइयों के साथ फोन पर वीडियो देख रहा था, तब उसकी हत्या कर दी गई।
पुलिस ने बताया कि गुरुवा कुल्हाड़ी लेकर अचानक घर में घुस गया और लड़के की हत्या कर दी और बुधराम की तलाश में बाहर आ गया।
पुलिस ने बताया कि इसके बाद उसने अपने घर के पास मौजूद बुधराम को देखकर उसका पीछा किया लेकिन बुधराम भाग गया।
पुलिस के अनुसार गांववालों ने मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति को पकड़ लिया और उसे रस्सी से बांधकर छोड़ दिया।
पुलिस ने कहा कि उन्होंने हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार भी उसके पास छोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार डेढ़ घंटे बाद जब बुधराम अपने घर लौटा तो उसने अपने बेटे को मृत और गुरुवा को घर के पीछे बंधा हुआ पाया।
पुलिस के बयान के अनुसार गुस्से में आकर बुधराम ने मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति के पास पड़ी कुल्हाड़ी उठाई और उससे उसकी हत्या कर दी।
एक अधिकारी ने बताया कि घटना मंगलवार शाम को हुई लेकिन गांव दूर होने के कारण पुलिस बृहस्पतिवार को वहां पहुंच सकी।
उन्होंने बताया कि दोनों शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि गांव में ही छिपे बुधराम को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त हथियार जब्त कर लिया गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY