जरुरी जानकारी | मारुति सुजुकी का 2030-31 तक कारोबार को दोगुना करने का लक्ष्य : सीईओ

नयी दिल्ली, पांच जुलाई मारुति सुजुकी इंडिया का लक्ष्य 2030-31 तक अपने कारोबार को 2021-22 की तुलना में दोगुना कर 1.68 लाख करोड़ रुपये पर पहुंचाने का है। यह उसकी मूल कंपनी सुजुकी मोटर कॉरपोरेशन की वैश्विक वृद्धि की रणनीति के अनुरूप है। कंपनी के प्रबंध निदेशक (एमडी) और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) हिसाशी ताकेउची ने बुधवार को यह जानकारी दी।

ताकेउची कंपनी के ‘प्रीमियम’ खंड के बहुद्देशीय वाहन (एमपीवी) इनविक्टो को पेश करने के लिए आयोजित एक कार्यक्रम में संवाददाताओं को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि कंपनी को वित्त वर्ष 2030-31 तक वैश्विक कारोबार 4.32 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाने के सुजुकी मोटर कॉरपोरेशन के लक्ष्य को प्राप्त करने में भारत से बड़ी भूमिका निभाने की उम्मीद है, जो वित्त वर्ष 2021-22 के 2.16 लाख करोड़ रुपये का दोगुना है।

इसके साथ ही मारुति सुजुकी इंडिया के भी अपनी मूल कंपनी की तर्ज पर कारोबार दोगुना करने के सवाल पर ताकेउची ने कहा, “हां.. जरूर। क्योंकि हम अपना आयाम दोगुना करना चाहेंगे।”

उन्होंने कहा, “हम उत्पादन इकाई में निवेश करेंगे। हम मानव संसाधन में निवेश करेंगे, जिससे हम 2030 तक उस आकार को संभाल सकें। इसलिए हमारी यही योजना है।”

मारुति सुजुकी ने 2021-22 में 83,798 करोड़ रुपये की कुल बिक्री दर्ज की थी।

अनुराग अजय

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)