देश की खबरें | राहुल, अमित शाह सहित कई नेताओं ने शरद यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की

नयी दिल्ली, 13 जनवरी दलगत राजनीति से ऊपर उठकर शीर्ष राजनीतिक नेतागण शुक्रवार को दिल्ली के छतरपुर स्थित पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव के आवास पर पहुंचे और समाजवादी दिग्गज के अंतिम दर्शन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

वरिष्ठ नेता और जनता दल (यूनाइटेड) के पूर्व अध्यक्ष शरद यादव का बृहस्पतिवार को गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। यादव 75 वर्ष के थे। पूर्व केंद्रीय मंत्री यादव के परिवार में उनकी पत्नी, एक पुत्री और एक पुत्र हैं।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी सहित कई नेताओं ने शरद यादव को उनके आवास पर श्रद्धांजलि दी।

बाद में शाह ने शरद यादव के निधन को देश के लिए अपूरणीय क्षति बताया।

उन्होंने कहा, ‘‘पिछले पांच दशकों में शरद जी ने जन केंद्रित मुद्दों को उठाया और अपनी अंतिम सांस तक समाजवादी विचारों को बढ़ावा दिया।’’

राहुल गांधी सुबह करीब 8.30 बजे यादव के आवास पहुंचे। वह पंजाब से दिल्ली पहुंचे। उनकी अगुवाई में ‘‘भारत जोड़ो यात्रा’’ पंजाब में जारी है।

उन्होंने संवाददाताओं से बातचीत में यादव के साथ हुए एक संवाद को याद करते हुए कहा कि उन्होंने उनसे बहुत कुछ सीखा है।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि उनकी दादी इंदिरा गांधी और यादव राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी थे, लेकिन उन्होंने हमेशा आपसी सम्मान का रिश्ता बनाए रखा।

शक्तिसिंह गोहिल और गुरदीप सिंह सप्पल सहित कांग्रेस नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और वर्तमान अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की ओर से पुष्पांजलि अर्पित की। कुमारी शैलजा, श्रीकांत जेना, सुबोधकांत सहाय भी उन कांग्रेस नेताओं में शामिल थे जिन्होंने उन्हें श्रद्धांजलि दी।

बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी भी यादव को श्रद्धांजलि देने के लिए उनके आवास पहुंचीं। यादव ने मार्च 2022 में अपने लोकतांत्रिक जनता दल का राजद में विलय कर दिया था।

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव ने शरद यादव के निधन को "समाजवादी राजनीति के एक युग का अंत" करार दिया।

उन्होंने कहा, “ शरद जी का निधन समाजवादियों और इस विचारधारा को मानने वालों के लिए बहुत बड़ी क्षति है। उन्होंने हमेशा अपने मन की बात कही। वह उन नेताओं की पीढ़ी से आते थे जो गांवों में गए और लोगों को साथ लाए।”

केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान व पीयूष गोयल, सांसद रमेश बिधूड़ी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की पत्नी सावित्री सिंह, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, समाजवादी पार्टी के नेता राम गोपाल यादव और राजद के मनोज झा भी शरद यादव को श्रद्धांजलि देने वालों में शामिल थे। बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने भी दिवंगत समाजवादी नेता को श्रद्धांजलि दी।

शरद यादव का अंतिम संस्कार शनिवार को मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम जिले में उनके पैतृक गांव आंखमऊ में किया जाएगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)